nayaindia Bharat Jodo Nyay Yatra राहुल की यात्रा का नाम बदला
Trending

राहुल की यात्रा का नाम बदला

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी की यात्रा का नाम बदल दिया है और साथ ही यात्रा के रूट में भी थोड़ा बदलाव किया है। अब राहुल की यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगा। पहले इसका नाम भारत न्याय यात्रा रखा गया था। लेकिन गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में हुई एक अहम बैठक के बाद इसका नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा करने का फैसला हुआ। पार्टी ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा नाम अब ब्रांड बन चुका है। नाम बदलने के अलावा यात्रा के रूट में अरुणाचल प्रदेश को शामिल किया गया।

गौरतलब है कि पहले यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 14 राज्यों से गुजरने वाली थी। यात्रा के रूट की घोषणा होते ही यह सवाल उठने लगा कि राहुल अरुणाचल प्रदेश क्यों नहीं जा रहे हैं। कांग्रेस को लग रहा था कि भाजपा इसे मुद्दा बना सकती है। वह पहले भी चीन के साथ कांग्रेस पार्टी की साठ-गांठ के आरोप लगाती रही है। संभवतः इसी वजह से यात्रा के रूट में अरुणाचल को शामिल किया गया है। अब यात्रा असम के बाद अरुणाचल जाएगी और तब मेघालय पहुंचेगी। वहां से यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगी। पहले राहुल की यात्रा 62 सौ किलोमीटर की थी, जो अब 67 सौ किलोमीटर की होगी। यानी पांच सौ किलोमीटर की यात्रा बढ़ गई है।

गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक के बाद यात्रा के रूट को मंजूरी दी गई। अब यात्रा 67 सौ किलोमीटर की होगी और 15 राज्यों से गुजरेगी। मणिपुर से 14 जनवरी को यात्रा की शुरुआत होगी और 20 मार्च को मुंबई में इसका समापन होगा। गुरुवार को हुई बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई, जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के सभी महासचिव, प्रदेश प्रभारी, कांग्रेस विधायक दल के नेता भी मौजूद रहे। बैठक में यात्रा की तैयारियों और लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।

खड़गे ने कहा- मीटिंग का एजेंडा 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी करने से जुड़ा है। हमारे लिए दोनों की सफलता जरूरी है, हमें इसके लिए समय देना होगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने नेताओं से कहा- आप लोग पार्टी के आंख-कान हैं। अब हमारे पास सिर्फ तीन महीने हैं, इसमें रात दिन एक करके हमें एक टीम की तरह पार्टी के लिए जी जान से जुटे रहना है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं को आपसी मतभेद मीडिया में उठाने से बचने की सलाह दी।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- पीएम आज तक मणिपुर नहीं गए, यह बताता है कि वे राष्ट्रीय सवालों पर कितनी गैर जिम्मेदारी से काम करते हैं। बीजेपी ने बीते 10 सालों में एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिसे उपलब्धि माना जा सके। वे यूपीए-कांग्रेस के जमाने की योजनाओं का नाम और रूप बदलने का काम करते रहे हैं। खड़गे ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा- आज सरकार ईडी, सीबीआई और आईटी जैसी संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।

कांग्रेस नेताओं की इस बैठक के बाद कांग्रेस मुख्यालय में 2024 लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस घोषणापत्र समिति की पहली बैठक हुई। उसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर कांग्रेस नेशनल अलायंस कमेटी की बैठक हुई। गौरतलब है कि इस कमेटी में पांच सदस्य शामिल हैं। इस बीच यह भी बताया जा रहा है कि विपक्षी गठबंधन की अगली बैठक छह जनवरी को हो सकती है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें