कारोबार

जीएसटी एक लाख करोड़ से ऊपर

ByNI Business Desk,
Share
जीएसटी एक लाख करोड़ से ऊपर
नई दिल्ली। भारत सरकार को राजस्व वसूली के मामले में बड़ी राहत मिली है। फरवरी के महीने के बाद पहली बार वस्तु व सेवा कर, जीएसटी का कलेक्शन एक लाख करोड़ रुपए से ऊपर गया है। वित्त मंत्रालय ने बताया है कि अक्टूबर के महीने में एक लाख पांच हजार 155 करोड़ रुपए का राजस्व जीएसटी मद में मिला है। वित्त मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि अक्टूबर 2020 का जीएसटी संग्रह पिछले साल के इसी महीने के कुल जीएसटी संग्रह से 10 फीसदी ज्यादा है। वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा गया है- अक्टूबर 2020 में सकल जीएसटी राजस्व 1,05,155 करोड़ रुपए रहा। इसमें केंद्रीय जीएसटी यानी सीजीएसटी 19,193 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी 25,411 करोड़ रुपए, एकीकृत जीएसटी 52,540 करोड़ रुपए और उपकर 8,011 करोड़ रुपए रहा। अक्टूबर, 2020 में जीएसटी संग्रह पिछले साल के समान महीने से 10 फीसदी अधिक रहा। अक्टूबर, 2019 में जीएसटी संग्रह 95,379 करोड़ रुपए रहा था। वित्त मंत्रालय ने बताया कि 31 अक्टूबर, 2020 तक दाखिल किए गए कुल जीएसटीआर-3बी रिटर्न की संख्या 80 लाख पर पहुंच गई है। कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की वजह से जीएसटी संग्रह का आंकड़ा लगातार कई महीने तक एक लाख करोड़ रुपए के स्तर से बहुत नीचे रहा था। माना जा रहा कि अनलॉक शुरू होने और त्योहारी सीजन की वजह से जीएसटी का कलेक्शन बढ़ा है।
Published

और पढ़ें