Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आईजीएल ने सीएनजी के दाम 3.89 रुपये बढ़ाये

दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली सिटी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने शनिवार से इसके दाम 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिये हैं।

आईजीएल की वेबसाइट के अनुसार, आज से दिल्ली में सीएनजी 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। पहले इसकी कीमत 83.09 रुपये थी। इससे पहले आखिरी बार सीएनजी की कीमत इस साल 26 मई को दो रुपये बढ़ाई गयी थी। मई में चार बार में सीएनजी की कीमत छह रुपये बढ़ी थी।

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक किलोग्राम सीएनजी आज से 95.59 रुपये का हो गया है। गुरुग्राम में इसकी कीमत अब 92.01 रुपये हो गयी है।

Also Read : चोटिल नीरज चोपड़ा एशियाई खेलों से हुए बाहर

अब मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी 95.47 रुपये प्रति किग्रा, रेवाड़ी में 91.59 रुपये, करनाल में 91.32 रुपये, कैथल में 32.32 रुपये तथा कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में 98.31 रुपये प्रति किग्रा के भाव मिलेगी।

अजमेर, पाली और राजसमंद में अब सीएनजी की कीमत 96.33 रुपये, मोहाबा, बांदा और चित्रकूट में 93.31 रुपये, हापुड़ में 96.59 रुपये तथा गौतमबुद्ध नगर और ग्रेटर नोएडा में 95.59 रुपये प्रति किलोग्राम होगी।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति बाधित होने से घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के खुदरा दाम काफी बढ़ गये हैं। हालांकि सीएनजी के दाम इस बार तीन महीने बाद बढ़ाये गये हैं।

आपूर्ति संबंधी बाधा के अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये का कमजोर पड़ना भी एक कारण है। भारत कच्चे तेल और गैस का शुद्ध आयातक है। इसलिए, विनिमय दर का सीधा असर कीमतों पर पड़ता है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version