Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत की जीडीपी चार खरब डॉलर की हो गई!

जीएसटी

नई दिल्ली। भारत का सकल घरेलू उत्पाद, जीडीपी क्या चार खरब डॉलर की हो गई है? भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है लेकिन एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था चार खरब डॉलर की हो गई है। गौरतलब है कि पिछले कई सालों से भारत सरकार की ओर से दावा किया जा रहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था पांच खरब डॉलर की बनानी है।

बहरहाल, रविवार को सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय अर्थव्यवस्था को पहली बार चार खरब डॉलर यानी चार लाख करोड़ डॉलर के पार निकलने का दावा किया जा रहा है। इस स्क्रीनशॉट को महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और देश के जाने माने कारोबारी गौतम अडानी सहित कई भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया। गौतम अडानी ने भी भारत के चार ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने पर बधाई दी। हालांकि, बाद में उन्होंने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया।

आधिकारिक तौर पर भी सरकार की ओर से इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। गौरतलब है कि नौ नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत की जीडीपी 3.73 ट्रिलियन डॉलर यानी 3.73 लाख करोड़ डॉलर थी। गौरतलब है कि जीडीपी किसी भी देश की अर्थव्यस्था का आकलन करने वाला सबसे कॉमन इंडिकेटर है।

Exit mobile version