Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ओमान एयर ने दिल्ली में खोला नया कार्यालय

ओमान की राष्ट्रीय विमान सेवा कंपनी ‘ओमान एयर’ ने नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में एक नया कार्यालय शुरू किया है। एयरलाइंस ने भारत में अपने जनरल सेल्स एजेंट ‘इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट’ के साथ मिलकर नये कार्यालय की शुरुआत की है।

उसने बताया कि राजधानी के व्यावसायिक और ट्रैवल ट्रेड हब के केंद्र में स्थित यह नया कार्यालय भारतीय बाजार के प्रति ओमान एयर की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दिखाता है।

इस कार्यालय को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि एजेंसी पार्टनर्स, कॉर्पोरेट ग्राहकों और यात्रियों के लिए यहां तक पहुंचना आसान हो। यहां से उन्हें बुकिंग, टिकटिंग और ग्राहकों से जुड़े सवालों के लिए बेहतर सहायता मिलेगी।

Also Read : विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 705.34 अरब डॉलर पर

ओमान सल्तनत के राष्ट्रीय दिवस के मौके पर आयोजित उद्घाटन समारोह में भारत में ओमान सल्तनत के राजदूत महामहिम ईसा सालेह अल शिबानी, ओमान एयर के वैश्विक बिक्री उपाध्यक्ष अहमद अल महरौकी, ओमान एयर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुनील वी.ए., और इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट (भारतीय परिचालन) के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी सुनील तलरेजा सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

ओमान एयर का कार्यालय पहले से ही मुंबई, बेंगलुरु, कोच्चि, तिरुवनंतपुरम और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में मौजूद है, और इसके अलावा लखनऊ तथा कोझिकोड में भी इसकी समर्पित सपोर्ट टीमें काम कर रही हैं।

उद्घाटन के अवसर पर श्री महरौकी ने कहा भारत हमारे सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में से एक है। हमारे नये कार्यालय का उद्घाटन, हमारे भरोसेमंद पार्टनर ‘इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट’ के साथ मिलकर, भारत में ओमान एयर की उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इससे हमें अपने ट्रैवल पार्टनर्स और हितधारकों के साथ बेहतर तरीके से जुड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह हमारे पूरे नेटवर्क में यात्रियों को बेहतरीन कनेक्टिविटी और ओमान की खास मेहमाननवाजी प्रदान करने के हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version