कारोबार

आठ उद्योग क्षेत्रों में नौवें महीने भी गिरावट

ByNI Desk,
Share
आठ उद्योग क्षेत्रों में नौवें महीने भी गिरावट
नई दिल्ली। देश की आर्थिक सेहत तय करने वाल आठ प्रमुख उद्योगों यानी कोर सेक्टर में नवंबर के महीने में लगातार नौवें महीने गिरावट हुई। गौरतलब है कि कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन शुरू होने के बाद से ही लगातार हर महीने कोर सेक्टर के उत्पादन में गिरावट आ रही है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक कोर सेक्टर्स का उत्पादन नवंबर 2020 में 2.6 फीसदी गिर गया। कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी प्रोडक्ट्स, स्टील और सीमेंट उद्योग में हुई ज्यादा गिरावट की वजह से कोर सेक्टर के इंडेक्स में गिरावट में 2.6 फीसदी की गिरावट हुई। नवंबर 2019 में आठ कोर सेक्टर के उत्पादन में 0.7 फीसदी विकास दर्ज किया गया था। मार्च से नवंबर के नौ महीनों में सितंबर में सबसे कम 0.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। उसके बाद लगातार दो महीने यानी अक्टूबर-नवंबर में प्रमुख उद्योगों में गिरावट बढ़ी है। अक्टूबर में कोर सेक्टर में 0.9 फीसदी गिरावट दर्ज की गई थी। गौरतलब है कि आठ प्रमुख उद्योगों में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी प्रोडक्ट्स, फर्टिलाइजर्स, स्टील, सीमेंट और बिजली शामिल हैं। पिछले महीने कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी प्रोडक्ट्स, स्टील और सीमेंट उद्योग के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई। कोयला, फर्टिलाइजर्स और बिजली उत्पादन में बढ़ोतरी रही। इस कारोबारी साल के पहले आठ महीने यानी अप्रैल से नवंबर में कोर सेक्टर का उत्पादन साल-दर-साल आधार पर 11.4 फीसदी गिर गया। एक साल पहले की समान अवधि में इसमें 0.3 फीसदी की तेजी रही थी।
Published

और पढ़ें