Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शेयर बाजारों में गिरावट जारी, सेंसेक्स 374 अंक टूटा

विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बिकवाली हावी रही और बीएसई का सेंसेक्स 374 अंक की गिरावट में बंद हुआ।

सेंसेक्स करीब 473 अंक टूटकर 76,471.32 अंक पर खुला और कुछ ही देर में 800 अंक से ज्यादा लुढ़कते हुए 76,136 अंक तक उतर गया। कारोबार की समाप्ति पर यह 373.83 अंक (0.49 प्रतिशत) नीचे 76,570.35 अंक पर रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 141.35 अंक यानी 0.59 प्रतिशत नीचे 23,914.45 अंक पर बंद हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांकों का यह 24 जुलाई के बाद का निचला स्तर है।

दुनिया के लगभग सभी प्रमुख शेयर बाजारों में बिकवाली देखी जा रही है। एशिया में आज जापान का निक्केई करीब तीन प्रतिशत नीचे बंद हुआ। यूरोपीय शेयर बाजार भी लाल निशान में हैं। अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मंगलवार को गिरावट रही थी।

Also Read : अक्षय कुमार के साथ ‘समुक’ में नजर आ सकती हैं रुक्मिणी मैत्र

घरेलू स्तर पर तेल एवं गैस, रियल्टी और सार्वजनिक बैंकों को छोड़कर अन्य सभी समूहों में बिकवाली हावी रही। ऑटो और मीडिया समूहों के सूचकांक पौने दो प्रतिशत गिर गये। आईटी में 1.25 फीसदी की गिरावट रही। बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, धातु, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक भी टूट गये।

वृहत बाजार में भी निवेशकों का विश्वास कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.70 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.37 प्रतिशत फिसल गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर डेढ़ फीसदी से ज्यादा टूटे। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बीईएल, इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक और इंडिगो के शेयर एक से डेढ़ प्रतिशत तक गिर गये। हिंदुस्तान यूनीलिवर, टीसीएस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक और इटरनल के शेयर भी उतर गये।

अडानी पोर्ट्स में डेढ़ फीसदी से ज्यादा की तेजी रही। बजाज फिनसर्व और पावरग्रिड के शेयर एक प्रतिशत की बढ़त में रहे। एनटीपीसी, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ट्रेंट और बजाज फाइनेंस के शेयर भी हरे निशान में रहे।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version