Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शेयर बाजारों में तेजी जारी, सेंसेक्स 1,400 अंक उछला

घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,400 अंक से अधिक उछल गया।

सेंसेक्स 1,142 अंक की बढ़त में 82,248.68 अंक पर खुला और पहले आधे घंटे में ही 82,520.40 अंक पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 81,106.65 अंक पर बंद हुआ था। खबर लिखे जाते समय सेंसेक्स 1,357.02 अंक (1.67 प्रतिशत) चढ़कर 82,463.67 अंक पर था।

पश्चिम एशिया में स्थिति में सुधार की उम्मीद के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर कच्चे तेल में मंगलवार को रही गिरावट और कंपनियों के अच्छे तिमाही परिणामों का असर भी बाजार पर देखा जा रहा है।

Also Read : धनंजय-कुसल के नाबाद शतक, श्रीलंका ने बनाए चार विकेट पर 404 रन

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 293 अंक चढ़कर 25,337.80 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 368.55 अंक यानी 1.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,413.20 अंक पर रहा।

वृहत बाजार में भी सभी सूचकांक ऊपर हैं। फार्मा और स्वास्थ्य को छोड़कर सभी सेक्टरों में लिवाली का जोर है। वित्त, बैंकिंग, ऑटो, मीडिया, एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत की बढ़त में हैं।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर फिलहाल साढ़े चार प्रतिशत से अधिक और महिंद्रा एंड महिंद्रा का करीब साढ़े तीन फीसदी ऊपर है। भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक में दो से ढाई फीसदी की बढ़त है। भारती एयरटेल, इटरनल, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड, एलएंडटी, आईटीसी और बजाज फाइनेंस के शेयर डेढ़ से दो फीसदी ऊपर हैं।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version