घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक छह सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स दोपहर से पहले 917 अंक गिरने के बाद अंत में 331.62 अंक (0.43 प्रतिशत) नीचे 76,059.77 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत टूटकर 23,767.45 अंक पर आ गया। यह दोनों सूचकांकों का 12 जून के बाद का निचला स्तर है।
प्रमुख सूचकांकों की तुलना में वृहत बाजार में दबाव कम रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.11 प्रतिशत चढ़ा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.32 प्रतिशत गिर गया।
Also Read : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार नें “जलवायु अखाडा 2026” के समापन सत्र को किया सम्बोधित
आईटी, मीडिया और सार्वजनिक बैंक समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे। ऑटो, धातु, फार्मा, रियल्टी, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस और सीमेंट सेक्टरों में बिकवाली हावी रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा फिसल गये। भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स और इंफोसिस में एक से दो प्रतिशत की गिरावट रही। टाटा स्टील, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनीलिवर, अडानी पोर्ट्स, पावरग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और टाइटन के शेयर भी लाल निशान में रहे।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर दो प्रतिशत से अधिक चढ़े। आईटीसी, एक्सिस बैंक, टीसीएस, ट्रेंट, मारुति सुजुकी और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
Pic Credit : ANI
