Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत में अगले साल हो सकती है टेस्ला की एंट्री

नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाने वाली अमेरिकी कंपनी टेस्ला की अगले साल भारत में एंट्री हो सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला इंक भारत के साथ मैन्युफैक्चरिंग फैक्टरी कॉन्ट्रैक्ट का करार करने वाली है। यह करार आखिरी चरण में है। ग्लोबल एजेंसी ‘ब्लूमबर्ग’ ने अपनी एक रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी है। इस समझौते के बाद टेस्ला अगले साल से भारत में इलेक्ट्रिक कार बनाने के लिए फैक्टरी लगा सकेगा।

मीडिया हाउस ‘ब्लूमबर्ग’ की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले से जुड़े लोगों ने बताया है कि अगले साल जनवरी में ‘वाइब्रेंट गुजरात समिट’ में इसका ऐलान हो सकता है। फैक्टरी सेटअप के लिए गुजरात के साथ-साथ महाराष्ट्र और तमिलनाडु के नाम पर चर्चा चल रही है। इसका कारण यह है कि इन राज्यों में इलेक्ट्रिक गाड़ियों और निर्यात के लिए अच्छा इकोसिस्टम है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इलॉन मस्क ने भी कहा था कि वे अगले साल भारत आने का प्लान कर रहे हैं।

इसी साल जून में टेस्ला के सीईओ इलॉन मस्क ने भारत में बड़े निवेश की बात कही थी। उन्होंने 2024 में भारत आने की बात भी कही थी। हालांकि इस रिपोर्ट पर भारत के भारी उद्योग मंत्रालय ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। गौरतलब है कि भारत दुनिया का गाड़ियों का तीसरा सबसे बड़ा बजारा है। हालांकि इलेक्ट्रिक गाड़ियों का बाजार तेजी नहीं पकड़ पा रहा है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक कुल गाड़ियों में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की संख्या सिर्फ 1.3 फीसदी है।

Exit mobile version