रांची। झारखंड विधानसभा की 81 में से आठ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और महागठबंधन के प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला चल रहा है। जारी मतगणना में अबतक का सबसे दिलचस्प मुकाबला दुमका, जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, हुसैनाबाद, बिश्रामपुर, कोडरमा, सिमडेगा और पोटका में देखा जा रहा है। कांटे की टक्कर में कभी भाजपा तो कभी महागठबंधन के प्रत्याशी बढ़त बनाते दिख रहे हैं।
मतगणना के शुरुआती चरण में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के हेमंत सोरेन दुमका सीट पर भाजपा की निवर्तमान विधायक एवं समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी से 6329 मतों से पीछे चल रहे थे लेकिन बाद में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर 3188 मतों की बढ़त बना ली। लेकिन, एक बार फिर डॉ. मरांडी श्री सोरेन से 461 मतों से आगे हो गयी हैं। वहीं सोरेन बरहैट में लगातार बढ़त कायम रखते हुए भाजपा उम्मीदवार सिमॉन मालटो से 9651 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
इसे भी पढ़ें :- झारखंड में सत्ता की दौड़ में भाजपा पिछड़ी महागठबंधन आगे
भाजपा को निर्दलीय उम्मीदवार के बीच कांटे का मुकाबला जमशेदपुर पूर्वी में भी चल रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास भाजपा के बागी उम्मीदवार सरयू राय से पिछड़ गये हैं। मतगणना में अभी तक पीछे चल रहे निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय अब भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास से 4643 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। अभी तक की मतगणना में राय को जहां 23517 मत मिले वहीं दास ने 18874 वोट प्राप्त किए हैं। इसी तरह जमशेदपुर पश्चिम में भी से कांग्रेस के बन्ना गुप्ता भाजपा के देवेन्द्र नाथ सिंह से 12 मतों से आगे हैं।
वहीं, हुसैनाबाद में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कमलेश कुमार सिंह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के शेर अली से मात्र 28 मतों से बढ़त बनाये हुए हैं। कोडरमा विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला काफी दिलचस्प है। कोडरमा में भाजपा प्रत्याशी एवं मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. नीरा यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अमिताभ कुमार से 665 मतों से पीछे चल रही थी लेकिन अब वह उनसे 328 मत आगे हो गयी हैं।
वहीं, बिश्रामपुर में भाजपा उम्मीदवार एवं स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी निर्दलीय नरेश प्रसाद सिंह से 883 मतों से आगे हैं। इसी तरह पोटका में भाजपा की मेनका सरदार ने झामुमो के संजीव सरदार पर 579 मतों की बढ़त बना ली है। इसी तरह सिमडेगा से कांग्रेस के भूषण बारा भाजपा के श्रद्धानंद बेसरा से 785 मतों से आगे हैं।