कोल्हापुर। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव सुरेश हलवणकर ने जयभगवान गोयल लिखित पुस्तक ‘आज के शिवाजी, नरेन्द्र मोदी’ पर विवादित बयान देते हुए बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना करना ‘मराठा योद्धा’ के लिए सम्मान की बात है।
हलवणकर ने यह बात पार्टी की बैठक में उस समय कही जब भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल भी वहां मौजूद थे। विवादित पुस्तक के लेखक जयभगवान गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की थी जिसके बाद पूरे राज्य में इस पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गये थे।
इस पुस्तक पर बढ़ते विवाद को देखते हुए लेखक गोयल ने पुस्तक वापस ले ली। हलवणकर ने कहा,“ प्रधानमंत्री की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से करना गलत नहीं है। शिवाजी महाराज ने अपने समय में गरीब जनता और किसानों के हित के लिए काम किया था। उसी तरह मोदी भी गरीब जनता और किसानों के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। इसी आधार पर प्रधानमंत्री की तुलना शिवाजी महाराज से करना, छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए सम्मान की बात है।