समाचार मुख्य

इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस पर हमला

ByNI Web Desk,
Share
इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस पर हमला
नई दिल्ली। देश में 1975 में लगाई गई इमरजेंसी की बरसी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पूरी भाजपा ने कांग्रेस पर हमला किया है। शाह ने तो यहां तक आरोप लगाया कि कांग्रेस में अब भी तानाशाही के गुण बचे हुए हैं और पार्टी में बड़े नेताओं को बोलने नहीं दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए लड़ने वाले लोगों को देश कभी नहीं भूल पाएगा। मोदी ने गुरुवार को ट्विट किया- आज से ठीक 45 वर्ष पहले देश पर आपातकाल थोपा गया था। उस समय भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिन लोगों ने संघर्ष किया, यातनाएं झेलीं, उन सबको मेरा शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि उनका त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भूल पाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद आदि ने भी कांग्रेस को निशाना बनाया। मोदी के मुकाबले अमित शाह ने कांग्रेस पर ज्यादा तीखा हमला बोला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक परिवार के हित दलीय व राष्ट्रीय हितों पर हावी हो गए हैं। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि आपातकाल की मानसिकता क्यों आज भी कांग्रेस में मौजूद है। आपातकाल के 45 साल पूरे होने पर शाह ने एक के बाद एक सिलसिलेवार ट्विट किए और दावा किया कि कांग्रेस के नेता अब अपनी ही पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक जनता से विपक्षी पार्टी की दूरी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कांग्रेस की हाल में हुई कार्य समिति की बैठक का हवाला देते हुए कहा कि उसमें पार्टी के बुजुर्ग नेताओं को बोलने नहीं दिया गया। कांग्रेस ने भाजपा पर किया पलटवार इमरजेंसी को लेकर होने वाले हमलों पर आमतौर पर कांग्रेस प्रतिक्रिया नहीं देती है पर इस बार केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस के बड़े नेताओं को बोलने नहीं देने के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस ने कहा कि अपने दिग्गज नेताओं को जबरन संन्यास दिलवाने और अपमानित करने वाले लोग विपक्षी पार्टी पर सवाल कर रहे हैं। कांग्रेस ने यह भी कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र के बारे में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और यशवंत सिन्हा जैसे नेताओं से पूछा जाना चाहिए। पार्टी के मीडिया परभारी रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस पर हमले वाले शाह के ट्विट को रिट्विट करते हुए कहा- ये बातें वो लोग कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी पार्टी के उन दिग्गजों के पद हथिया लिए और उन्हें जबरन संन्यास दिलवा दिया और अपमानित किया, जिन्होंने इनको बनाया।  उन्होंने आडवाणी, जोशी, केशुभाई पटेल, संजय जोशी और कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के नामों का जिक्र करते हुए कहा कि यह सूची लंबी है। शाह के बयान के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा- भाजपा में आतंरिक लोकतंत्र के बारे में आडवाणी, जोशी, अरुण शौरी और यशवंत सिन्हा से पूछना चाहिए। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कह सकता। खेड़ा ने भाजपा को निशाना बनाते हुए कहा कि आपातकाल के इतिहास की बात कर रहे लोगों ने आज देश की संस्थाओं को इतना कमजोर कर दिया है जो पहले कभी नहीं हुआ था।
Published

और पढ़ें