नई दिल्ली। कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली के रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर दी है। पीजी कोर्स में दाखिले के लिए काउंसिलिंग में हो रही देरी के खिलाफ डॉक्टरों ने हड़ताल की थी। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के साथ पुलिस की झड़प भी हुई थी, जिसके बाद कई डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए थे। मुकदमे वापस लेने और छह जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई में काउंसिलिंग के लिए जोर देने के वादे के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ली। Doctors call off strike
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन, फोर्डा के के अध्यक्ष डॉ. मनीष ने शुक्रवार को कहा- मरीज पहले से ही परेशान हैं, कई सर्जरी टाल दी गई हैं। इसे देखते हुए हम आज दोपहर 12 बजे हड़ताल खत्म कर रहे हैं। डॉ. मनीष ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। गुरुवार की रात डीसीपी और ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस के साथ बैठक हुई, जिसमें पुलिस ने बताया कि एफआईआर वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
Read also भारत ने चीन को दिया जवाब
डॉक्टर मनीष ने बताया- सभी राज्यों के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के साथ बात करने के बाद हम हड़ताल खत्म कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में नीट-पीजी काउंसिलिंग की सुनवाई के मुद्दे पर डॉ. मनीष ने बताया कि छह जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में हमने सुनवाई के लिए आवेदन किया है। सुनवाई की तारीख नहीं मिलने पर उस दिन शाम छह बजे बैठक की जाएगी। बैठक के बाद हम दोबारा हड़ताल करने के लिए भी तैयार हैं।