समाचार मुख्य

पायलट नहीं जाएंगे भाजपा में

ByNI Web Desk,
Share
पायलट नहीं जाएंगे भाजपा में
नई दिल्ली। राजस्थान में सियासी उथल-पुथल मचाने के बाद तीसरे दिन सचिन पायलट ने सीधे मीडिया से बात की और कहा कि वे भाजपा में नहीं जा रहे हैं। इससे पहले दो दिन तक उनके करीबी सूत्रों के हवाले से मीडिया में उनके बारे में खबरें आ रही थीं। राजस्थान सरकार के उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के एक दिन बाद बुधवार को उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि वे भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान में कुछ नेता उनके भाजपा में जाने की अफवाहों हवा दे रहे हैं ताकि उनकी छवि धूमिल की जा सके। पायलट ने कहा- मैंने कांग्रेस को राजस्थान की सत्ता में वापस लाने और भाजपा को हराने के लिए बहुत मेहनत की है। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा- मैं भाजपा में शामिल नहीं हो रहा हूं। राजस्थान के कुछ नेता इन अफवाहों को हवा दे रहे हैं कि मैं भाजपा में शामिल होने जा रहा हूं, जबकि यह सच नहीं है।  उन्होंने कहा- इस तरह की अफवाहें मेरी छवि खराब के लिए फैलाई जा रही हैं। दो अहम पदों से हटाए जाने के बाद पहली बार प्रतिक्रिया दे रहे पायलट ने कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में गए ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलने की खबरों का खंडन करते हुए कहा- मैं भाजपा के किसी नेता से नहीं मिला हूं। करीब छह महीने में सिंधिया से भी नहीं मिला हूं। मैं इस समय कह सकता हूं कि अपने लोगों के लिए काम करना जारी रखूंगा। पायलट ने कहा- राज्य पुलिस ने मुझे एक नोटिस दिया, जिसमें राजद्रोह के आरोप थे। जिससे मेरे आत्मसम्मान को ठेस पहुंची। उन्होंने कहा- कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी से मेरी कोई बात नहीं हुई है। प्रियंका गांधी जी ने मुझसे फोन पर बात की थी, यह एक व्यक्तिगत बातचीत थी।
Tags :
Published

और पढ़ें