दिल्ली

दिल्ली नगर निगम के लिए आज मतदान

ByNI Desk,
Share
दिल्ली नगर निगम के लिए आज मतदान
नई दिल्ली। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और दिल्ली में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बनी दिल्ली नगर निगम के लिए रविवार को मतदान होगा। कांग्रेस पार्टी भी चुनाव मैदान में है लिए मुख्य मुकाबला भाजपा और आप के बीच है। दिल्ली नगर निगम में 2007 से भाजपा का कब्जा है। लगातार 15 साल राज करने की वजह से पार्टी के खिलाफ एंटी इन्कंबैंसी है। हालांकि भाजपा ने पिछली बार सारे पार्षदों की टिकट काट दी थी। इस बार भी उसने अनेक पुराने पार्षदों को टिकट नहीं दी है। वोटों की गिनती सात दिसंबर को होगी। दिल्ली नगर निगम के सभी ढाई सौ वार्ड पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा और शाम साढ़े पांच बजे समाप्त होगा। भाजपा 2007 से एमसीडी की सत्ता में है और चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। भाजपा और आप दोनों ने सभी ढाई सौ सीटों परउम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस 247 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने एमसीडी चुनाव के लिए 13,638 मतदान केंद्र बनाए हैं। राज्य चुनाव आयोग ने कहा है कि मतदाताओं के गुणवत्तापूर्ण अनुभव के लिए 68 आदर्श मतदान केंद्र और 68 गुलाबी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमसीडी चुनाव को ध्यान में रखते हुए रविवार को मेट्रो की सभी लाइन पर ट्रेन सेवाएं तड़के चार बजे से शुरू होंगी। सुबह छह बजे तक सभी लाइन पर 30-30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन चलेंगी। सुबह छह बजे के बाद रविवार की सामान्य समय सारिणी के अनुसार ट्रेन चलेंगी। एमसीडी चुनाव की तैयारियों के लिए दिल्ली सरकार के सभी स्कूल शनिवार को बंद रहे और पांच दिसंबर को भी बंद रहेंगे। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने इस बारे में जानकारी दी। सियासी तौर पर बेहद अहम माने जा रहे दिल्‍ली नगर निगम चुनावों के प्रचार के अं‍तिम दौर में भाजपा और आप ने पूरी ताकत झोंकी थी। भाजपा ने कई केंद्रीय मंत्रियों और कम से कम पांच राज्यों के मुख्‍यमंत्रियों को प्रचार के लिए उतारा था।
Published

और पढ़ें