रियल पालिटिक्स

हिसार के भाजपा सांसद अब क्या करेंगे?

ByNI Desk,
Share
हिसार के भाजपा सांसद अब क्या करेंगे?
आयाराम-गयाराम की राजनीति के लिए मशहूर हरियाणा में कांग्रेस के नेता कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में जाने के साथ ही सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा के बुजुर्ग नेता संपत सिंह के कांग्रेस में जाने की चर्चा है। वे जनता पार्टी की टिकट पर पहली बार विधायक बने थे और हरियाणा विधानसभा में नेता विपक्ष भी रहे हैं। वे हिसार के रहने वाले हैं और उनको लग रह है कि कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में आने के बाद हिसार में भाजपा की राजनीति उन्हीं के हिसाब से होगी। इसलिए संपत सिंह पाला बदल रहे हैं। लेकिन सवाल है कि हिसार से भाजपा के सांसद ब्रजेंद्र सिंह क्या करेंगे? ब्रजेंद्र सिंह हरियाणा के जाने-माने नेता और नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री रहे बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। वे आईएएस अधिकारी थे और वह नौकरी छोड़ कर वे अपने पिता की खाली की हुई हिसार सीट से चुनाव लड़े। अब कहा जा रहा है कि भाजपा ने बिश्नोई को हिसार लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाने का वादा किया है। अगर भाजपा वादा निभाती है तो क्या ब्रजेंद्र सिंह 50 साल की उम्र में रिटायर हो जाएंगे? उनके कांग्रेस में जाने की संभावना नहीं है क्योंकि उनके पिता कांग्रेस छोड़ कर ही भाजपा में शामिल हुए थे। सो, अब संभावना यह है कि वे अपने पिता के साथ राजनीति करेंगे। उनके पिता चौधरी बीरेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी का झंडा उठाने में लगे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपना संगठन भी बना रखा है। अभी कहा नहीं जा सकता है कि वे क्या करेंगे। लेकिन यह तय है कि अगर भाजपा ब्रजेंद्र सिंह की टिकट काटती है और कहीं दूसरी जगह एडजस्ट नहीं करती है तो वे भाजपा छोड़ेंगे।
Tags :
Published

और पढ़ें