समाचार मुख्य

हिमंता होंगे मुख्यमंत्री, आज लेंगे शपथ

ByNI Desk,
Share
हिमंता होंगे मुख्यमंत्री, आज लेंगे शपथ
गुवाहाटी। छह साल पहले कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए हिमंता बिस्वा सरमा का दबाव आखिरकार रंग लाया और भाजपा आलाकमान ने उनको मुख्यमंत्री बनाने की हरी झंडी दे दी। शनिवार को दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी और मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल की बैठक हुई थी। उसके बाद तीन केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में रविवार को गुवाहाटी में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सरमा को आम राय से विधायक दल का नेता चुना गया। वे सोमवार को 12 बजे अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे। रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी महासचिव अरुण सिंह और भाजपा के असम प्रभारी बैजयंत पांडा मौजूद थे। इससे पहले मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्यपाल जगदीश मुखी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। सरमा और सोनोवाल शनिवार को ही दिल्ली में हाईकमान से मिल कर लौटे थे। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के आवास पर मीटिंग हुई थी, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष की मौजूदगी में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि उसी बैठक में सरमा के नाम पर सहमति बन गई थी। नेता चुने जाने के बाद सरमा ने रविवार को बताया कि असम की नई कैबिनेट सोमवार दोपहर 12 बजे शपथ लेगी। हिमंता बिस्वा सरमा 2015 में कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे। पूर्वोत्तर में कई राज्यों में भाजपा की सरकार बनवाने मे उनकी अहम भूमिका रही है। वे नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस के संयोजक भी रहे हैं। गौरतलब है कि दो मई को नतीजे आने के बाद बाकी चार राज्यों में मुख्यमंत्रियों की शपथ हो चुकी है। सरमा और सोनोवाल की दावेदारी के बीच सिर्फ असम का मसला रूका हुआ था।
Published

और पढ़ें