रांची। रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान कई राज्यों में हिंसक घटनाए हुई हैं। भाजपा ने इसके पीछे बड़ी साजिश बताते हुए मुख्यमंत्री सोरेन से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने एसडीओ की जांच रिपोर्ट में लोहरदगा हिंसा मामले में स्लीपर सेल की आई खास भूमिका को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।
प्रकाश ने गुरुवार को कहा कि इस रिपोर्ट ने एक बार फिर प्रमाणित कर दिया है कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में देश विरोधी ताकतें झारखंड में सक्रिय हुई है। यह भी साफ है कि कहीं ना कहीं से इन्हें जमकर राजनीतिक खाद-पानी भी मुहैया कराया जा रहा है जो दुखद है।
प्रकाश ने कहा कि यह बड़ा मामला है। साथ की प्रदेश के आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था से भी जुड़ा मामला है। स्लीपर सेल के मंसूबे किस हद तक खतरनाक हैं, उनका पूरा मंसूबा क्या है, इसके पीछे और कौन नकाबपोश चेहरे हैं, सारी चीजों का खुलासा करने की क्षमता और नीयत राज्य सरकार में दूर-दूर तक नहीं दिखती। इसलिए इस मामले की उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।कितनी आश्चर्य की बात है कि स्लीपर सेल लोहरदगा के इलाके में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय है और बीते 6 माह से रामनवमी में उपद्रव के लिए हिरही गांव में योजनाबद्ध तरीके से संदिग्ध गतिविधियां चला रहा है परंतु सरकार की एजेंसी कुंभकर्णी निंद्रा में सोई हुई है।