झाबुआ। मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल जिले झाबुआ का जीआई टेग प्राप्त कड़कनाथ अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी के झारखंड़ की राजधानी रांची स्थित फार्म हाउस की शान बनेगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार धोनी के इजा फार्म रॉची के लिए विनोद मेड़ा ग्राम रूण्डीपाडा विकासखण्ड थांदला दो हजार कड़कनाथ चूजे लेकर रवाना हुए हैं। इन्हें कलेक्टर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
श्री मेड़ा, धोनी के फार्म पर कड़कनाथ चूजे ले जाने के लिए काफी उत्साहित है। उनका कहना है कि इससे झाबुआ के कड़कनाथ को एक नई पहचान मिलेगी एवं जिले का नाम पूरे देश में रोशन होगा।
लगभग डेढ वर्ष पहले धोनी के मैनेजर डॉ एस एस कुल्लू एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ चंदन कुमार के बीच में कड़कनाथ पालन के संबंध में बात हुई थी।
फाइनल डील दो हजार चूजे प्रति चूजा 90 रुपए के मान से कुल 1 लाख 80 हजार रुपए में तय हुई थी। चूजे विनोद मेड़ा द्वारा उनके फार्म से भेजे जाने थे। लेकिन बर्ड फ्लू के कारण उस समय डिलीवरी नही हो पाई थी। जिन्हें अब भेजा जा रहा है।
पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ विलसन डाबर ने बताया कि कड़कनाथ में वसा एवं कोलेस्ट्रोल बहुत कम होता है। तथा प्रोटीन एवं जरूरी फेटी एसिड अधिक होते हैं, जिसके कारण कड़कनाथ की मांग अधिक है। श्री मेड़ा के आशीष कड़कनाथ फार्म पर उपलब्ध कड़कनाथ चूजों का टीकाकरण डॉ अमित कुमार दोहरे के मार्गदर्शन में किया गया है।
Tags :Kadaknath