भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक उमंग सिंघार (Umang Singhar) पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के मामले पर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने कहा कि कानून अपना काम करता है, ना हम किसी को बचाएंगे और ना किसी को फंसाएंगे। चौहान ने कहा कि वे किसी व्यक्ति विशेष की बात नहीं करते। कानून अपना काम करता है, ना हम किसी को बचाएंगे और ना किसी को फंसाएंगे, लेकिन जो कानून है, अगर शिकायत की है तो उसकी जांच करके आवश्यक कार्रवाई करना तो पुलिस का कर्त्तव्य है। उन्होंने कहा कि किसी ने कहा कि यह सब भारतीय जनता पार्टी (BJP) कर रही है।
यह सुन कर उन्हें आश्चर्य हुआ। अगर कोई पीड़ित कोई बात कह रही है, तो उसे सुनना, जांच करना पुलिस का कर्त्तव्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस सबमें हस्तक्षेप नहीं करती। कानून अपना काम करता है। मध्यप्रदेश के धार जिले के गंधवानी से कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार (Umang Singhar) के खिलाफ एक महिला ने उनकी पत्नी होने का दावा करते हुए उनके खिलाफ दुष्कर्म और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत धार जिले के नौगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर रविवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी के अनुसार सिंघार ने इस महिला को विवाह का झांसा देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। सिंघार ने आरोप लगाया है कि महिला ने उससे पैसों की मांग की और वह उनका राजनैतिक भविष्य बर्बाद करने की धमकी दे रही थी। इस सिलसिले में उन्होंने पुलिस को लिखित में दो नवंबर को शिकायत भी की है। (वार्ता)