भोपाल। दंगाइयों के घर पर बुलडोजर चलाकर चर्चित हो रहे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने एक बार फिर दंगाईयों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारा कर्त्तव्य है। प्रदेश में किसी भी स्थिति में शांति भंग नहीं होनी चाहिए, दंगा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी दिनों में आ रहे त्यौहार निर्विघ्न संपन्न हो, यह हर हालत में सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री चौहान मंत्रालय में कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने हनुमान जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों और जुलूसों के बेहतर प्रबंधन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जीवंत समाज में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियाँ होंगी। इनके व्यवस्थित, शांतिपूर्ण समन्यव एवं संचालन का दायित्व जिला प्रशासन का है। हमें सजग और सर्तक रहकर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करना है। पवित्र संकल्प के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। चिन्हित अपराधियों पर कार्यवाही जारी रहे, संपूर्ण प्रदेश में चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।