इंडिया ख़बर

महाराष्ट्र पुलिस को मिलेंगे आधुनिक हथियार, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण : ठाकरे

ByNI Desk,
Share
महाराष्ट्र पुलिस को मिलेंगे आधुनिक हथियार, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण : ठाकरे
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य के पुलिस बल को आवश्यक सभी आधुनिक हथियार और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मुहैया कराया जाएगा। ठाकरे ने कहा कि पुलिस बल के समक्ष बड़ी चुनौतियां हैं लेकिन राज्य सरकार उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण, हथियार और गुणवत्तापूर्ण मानक जीवनशैली मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ठाकरे ने अंधेरी के मरोल पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में महाराष्ट्र पुलिस की स्थापना दिवस परेड में ये बातें कहीं। ठाकरे ने कहा दुनिया आगे बढ़ रही है, पुलिस बल के सामने चुनौतियां बड़ी हैं और सामने मौजूद दुश्मन हथियारों से लैस तथा प्रशिक्षित हैं। ऐसी चुनौतियों से निपटने के लिए महाराष्ट्र पुलिस बल को दुनिया में जो भी सबसे बेहतर होगा, वह मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा हमारे पुलिस बल को दुश्मन से एक कदम आगे रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को सुरक्षित महसूस कराने में पुलिस बल के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिसकर्मियों को अच्छी गुणवत्ता के घर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं देने के लिए तमाम कदम उठाएगी। इसे भी पढ़ें : उद्धव सरकार में भाई भतीजों की भरमार! परेड के बाद ठाकरे पुलिसकर्मियों को घर उपलब्ध कराने के लिए मरोल इलाके में बनने वाले भवन के ‘भूमि पूजन’ में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य के पुलिस महानिदेशक सुबोध कुमार जायसवाल, मुंबई पुलिस आयुक्त संजय बर्वे, पुलिस महानिदेशक (गृह) बिपिन बिहारी एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। महाराष्ट्र पुलिस बल के गठन के बाद से यह पहली बार है जब स्थापना दिवस परेड उपनगर अंधेरी के मरोल पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुआ है। इससे पहले यह मध्य मुंबई के दादर इलाके में नैगांव में होता था।
Published

और पढ़ें