ठाणे। महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे शहर में गोलीबारी की घटना में घायल एक स्थानीय हिस्ट्रीशीटर (history sheeter) की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गणेश जाधव (Ganesh Jadhav) उर्फ कला गन्या को शुक्रवार सुबह गोली लगी थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे कुछ लोग जाधव को ठाणे शहर की एक पहाड़ी पर ले गए, जहां उन्होंने उससे पैसे की मांग की।
जब उसने पैसे देने से मना किया, तो उस पर गोली चलाई गई। इस घटना में वह घायल हो गया था। उन्होंने बताया कि बाद में किसी ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन रात में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि जाधव 12 से अधिक आपराधिक मामलों में आरोपी था। (भाषा)