डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख रहा राम रहीम फिर पैरोल पर रिहा हो गया है। हत्या और बलात्कार के मामले में सजा काट रहे राम रहीम को इस साल तीसरी बार पैरोल मिली है और इस बार पैरोल 40 दिन की है। इस साल के शुरू में जब पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने थे तब भी राम रहीम को 21 दिन के लिए पैरोल पर रिहा किया गया था। तब खबर आई थी कि अपने डेरे से उसने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील जारी की थी। हालांकि पंजाब में भाजपा को इसका कोई खास फायदा नहीं हुआ पार्टी सिर्फ दो ही सीट जीत पाई लेकिन अकाली दल से अलग होकर लड़ रही भाजपा के लिए डेरा प्रेमियों के वोट अच्छी खासी संख्या में मिले।
अब हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है और राज्य में दूसरे चरण के स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। दोनों चुनाव भाजपा के लिए बेहद अहम हैं। स्थानीय निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और आदमपुर में नामांकन का काम पूरा हो चुका है और तीन नवंबर को मतदान होना है। माना जा रहा है कि राम रहीम अपने डेरे से जुड़े विवादों को निपटाने के साथ साथ भाजपा के पक्ष में गोपनीय अपील भी जारी कर सकता है। ध्यान रहे हरियाणा में डेरा के सबसे ज्यादा फॉलोवर हैं और उनके बीच अब भी राम रहीम की लोकप्रियता काम है। बहरहाल, जेल प्रशासन नियमों का हवाला दे रहा है कि हर सजायाफ्ता कैदी को पैरोल का अधिकार है लेकिन राम रहीम का मामला बाकियों से अलग और खास है।