
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में उतरे रहे किसान संगठनों में टिकट बंटवारे पर सहमति बन गई है। केंद्र सरकार के बनाए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ एक साल तक आंदोलन करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा से अलग होकर 22 संगठनों ने संयुक्त समाज मोर्चा का गठन किया है, जो पंजाब में चुनाव लड़ेगा। संयुक्त समाज मोर्चा ने सोमवार को 20 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। बलबीर सिंह राजेवाल सहित अनेक उम्मीदवारों के नाम की घोषणा पहले हो चुकी है। उसके बाद किसान संगठनों में खींचतान चल रही थी।
अब इनके बीच सहमति बन गई है और 22 संगठनों के संयुक्त समाज मोर्चा ने 20 नामों की नई सूची भी जारी कर दी है। किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी गुट को 10 सीटें दी गई हैं। चढूनी इन सीटों पर खुद नाम घोषित करेंगे। सोमवार को किसान संगठनों ने प्रेस कांफ्रेंस करके सीटों पर सहमति की बात कही। गौरतलब है कि बलबीर सिंह राजेवाल और चढूनी गुट के साथ आने के बाद भी सीटों को लेकर विवाद हो गया था।
Read also 12 से 15 साल के बच्चों को लगेगी वैक्सीन
बहरहाल, संयुक्त समाज मोर्चा ने चढूनी गुट के लिए पंजाब में 10 सीटें दी हैं। इन सीटों पर अभी नामों की घोषणा नहीं हुई है। चढूनी ही इन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे। चढूनी गुट को समाना, अजनाला, नाभा, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, दाखा, दिड़बा, भुलत्थ, गुरदासपुर और शाहकोट सीट दी गई हैं। किसान आंदोलन में शामिल बाकी संगठन चुनाव लड़ने का विरोध कर रहे हैं।
आपसी विवाद सुलझाने के बाद गुरनाम सिंह चढूनी ने बताया कि उन्हें गठबंधन में वाजिब हिस्सा नहीं मिल रहा है फिर भी लोगों की यह भावना है कि पंजाब में सभी किसान संगठन मिलकर चुनाव लड़ें, इसलिए उन्होंने 10 सीटों पर ही चुनाव लड़ने का फैसला किया है। चढूनी ने कहा कि उनका संगठन पंजाब की जनता के लिए चुनाव लड़ रहा है न कि खुद के लिए। गौरतलब है कि सबसे पहले उन्होंने ही यह मुद्दा उठाया था कि किसान संगठनों को चुनाव लड़ना चाहिए।