समाजवादी पाटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी की अगुवाई गठबंधन सहारनपुर की सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज कर रहा है। ऐसे में हमें पूरा भरोसा है कि प्रदेश में हमारे गठबंधन को भारी बहुमत प्राप्त होगा। अखिलेश यादव आज सहारनपुर में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में अंबाला रोड़ स्थित एक बैक्वट हाल में सभा को संबोधित कर रहे थे। उससे पूर्व उन्होंने करीब 40-45 मिनट भीड़ भरे संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों द्वारा पूछे गए तमाम सवालों का सुसंगत तरीके से जवाब दिया।
अखिलेश यादव ने मां शाकुम्बरी देवी को प्रणाम कर अपनी बात शुरू की। बोले यह शाकुम्बरी देवी की धरती है। उनके नाम पर बनाई जा रही यूनिवर्सिटी के कार्यों में हमारी सरकार तेजी लाएगी और वहां तकनीकी और व्यवसायिक शिक्षा का भी समावेष करेगी।
अखिलेश यादव ने मंच पर अपने बराबर में बैठे इमरान मसूद, मसूद अख्तर, मनोज चौधरी, डा. धर्म सिंह सैनी का नाम लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी में इन सभी को उचित सम्मान और तवज्जो मिलेगी। अखिलेश यादव ने सपा व्यापार सभा के प्रांतीय अध्यक्ष और सहारनपुर महानगर के विधायक संजय गर्ग, देवबंद के प्रत्याशी कार्तिकेय राणा, सहारनपुर देहात के प्रत्याशी आशु मलिक, बेहट के प्रत्याशी उमर अली, नकुड़ के धर्म सिंह सैनी, गंगोह के चौधरी इंद्रसैन और रामपुर मनिहारान के प्रत्याशी का परिचय कराते हुए सहारनपुर की जनता से उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की।
Read also मोदी 11 फरवरी को सहारनपुर में
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार गौ-माताओं को पूरी तवज्जो देगी और गौशालाओं का बजट बढ़ाने का काम करेगी। जो दूसरे आवारा पशु लोगों के लिए समस्याएं पैदा कर रहे हैं उससे किसान लोगों को निजात दिलाया जाएगा। सहारनपुर जिले की सातों सीटों पर दूसरे चरण में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इस दौरान सपा के सातों प्रत्याशी और प्रमुख नेतागण उपस्थित रहे। अखिलेश यादव तय समय से करीब दो घंटे देरी से सहारनपुर पहुंचे और करीब पौने दो घंटे ही सहारनपुर में रूके। उन्होंने यहां के लोगों को भरोसा दिया कि भविष्य में वह कई बार सहारनपुर आएंगे और यहां के लोगों का हर तरह से ध्यान रखा जाएगा।