समाचार मुख्य

राजस्थान रोडवेज क्या कांग्रेस की निजी संपत्ति है: डॉ शर्मा

ByNI Desk,
Share
राजस्थान रोडवेज क्या कांग्रेस की निजी संपत्ति है: डॉ शर्मा
लखनऊ। कांग्रेस पर प्रवासी श्रमिकों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुये उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने आज सवाल किया कि कांग्रेस को साफ करना चाहिये कि राजस्थान रोडवेज क्या उसकी निजी संपत्ति है। डा शर्मा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा उपलब्ध करायी गयी सूची में 460 बसे फर्जी हैं जबकि 297 कबाड़ बन चुकी हैं। सूची में 98 थ्री व्हीलर,कार और एंबुलेंस के नम्बर है जिनके डिटेल उपलब्ध करा दिये गये हैं। राजस्थान रोडवेज द्वारा बसें उपलब्ध कराने को लेकर आश्चर्य व्यक्त करते हुये उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान परिवहन की बसें क्या कांग्रेस की निजी संपत्ति हैं। सरकारी संस्था का प्रयोग एक निजी पार्टी के द्वारा कैसे किया जा रहा है। कांग्रेस अपने ड्राइवर कंडक्टर को भी खाना नहीं दे पा रही है तो वह बाकी को क्या देगी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुये उन्होने कहा कि कोटा में जब यूपी के छात्रों को खाना उपचार नहीं मिल रहा था तब मुख्यमंत्री कहां थे। उत्तर प्रदेश सरकार ने कोटा राजस्थान से 630 छात्रों को लाकर उनके घरों तक पहुंचाया। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने भी इस कार्य के लिये यूपी सरकार की प्रशंसा की थी। उन्होने कहा कि महाराष्ट्र में यूपी का प्रवासी टहल रहा है लेकिन उसके लिये कोई व्यवस्था कांग्रेस नहीं कर रही है। अच्छा होता कि यूपी पर ध्यान देने के बजाय कांग्रेस पंजाब और राजस्थान में प्रवासियों के लिये बसें उपलब्ध कराती। उत्तर प्रदेश में बसों की कोई कमी नहीं है। उनकी सरकार ने श्रमिकों के लिये 27000 बसों का बंदोबस्त कर रखा है जो लगाकर प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचा रही है।
Published

और पढ़ें