
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने काफी पहले विधानसभा और लोकसभा का चुनाव लड़ना बंद कर दिया है। लेकिन हर चुनाव से पहले यह अटकल लगाई जाती है कि वे लड़ेंगी या नहीं लड़ेंगी। सो, उनकी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वे विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसके साथ ही पार्टी ने यह भी साफ किया है बसपा के महासचिव और राज्यसभा में पार्टी के नेता सतीश चंद्र मिश्र भी चुनाव नहीं लड़ेंगे।
पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने मंगलवार को कहा- मैं राज्यसभा का सदस्य हूं, कई प्रदेशों में चुनाव हो रहे हैं और बहन मायावती को लोगों को चुनाव लड़वाना है। इसलिए हम लोग चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। सतीश चंद्र मिश्र ने कहा- मायावती विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। मैं खुद भी इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा। बसपा राज्य की सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
Read also राजधानी दिल्ली में आज कोरोना से 23 लोगों की मौत, सामने आए 21 हजार 259 नए केस
सपा के ऊपर तंज करते हुए सतीश मिश्र ने कहा- अगर समाजवादी पार्टी के पास चार सौ उम्मीदवार ही नहीं होंगे, तो वे चार सौ सीटें कैसे जीतेंगे? इस बार के चुनाव में न तो सपा सत्ता में आएगी और न ही भाजपा, उत्तर प्रदेश में बस बसपा की सरकार बनाने जा रही है। गौरतलब है कि मायावती ने 2002 के बाद से कोई विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है। वे मुख्यमंत्री रहते विधान परिषद की सदस्य बनी थीं।