अरबपति अपनी आर्थिक शक्ति का उपयोग राजनीतिक सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया प्लेटफॉर्म को खरीद कर सत्ता पर वर्चस्व जमाने का सबसे स्पष्ट तरीका अपना रखा है।
दुनिया के सौ से ज्यादा प्रमुख अर्थशास्त्रियों, और राजनीतिक विचारकों ने ‘पेरिस मेनिफेस्टो’ जारी कर “अति-संपत्ति के विस्फोट” पर गंभीर चिंता जताई है। इस चिंता पर ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि इस परिघटना का भारत जैसे देशों की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बेहद नुकसानदेह असर पड़ा है। पेरिस मेनिफेस्टो में ध्यान दिलाया गया है कि जब अमेरिकी पत्रिका फ़ोर्ब्स ने 1987 में दुनिया की सबसे धनी व्यक्तियों की रैंकिंग शुरू की, तब धरती की आबादी के सबसे अमीर 0.0001 फीसदी हिस्से के पास वैश्विक जीडीपी का तीन प्रतिशत हिस्सा था। आज यह 17 फीसदी तक पहुंच गया है।
इतना धन महज 3,000 परिवारों के पास है। मेनिफेस्टो में इस हाल की तुलना प्राचीन यूनान की ‘अल्पतंत्र’ (ऑलीगार्की) से करते हुए कहा गया है कि धन और सत्ता के गठजोड़ की गति और इसके अंतरराष्ट्रीय प्रभाव अभूतपूर्व हैं। मसलन, कुछ चुनिंदा बहुराष्ट्रीय निगमों के शीर्ष पर बैठे अरबपति अपनी आर्थिक शक्ति का उपयोग राजनीतिक सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करने और सार्वजनिक नीतियों को अपने माफिक मोड़ने के लिए कर रहे हैं। अति-धनी व्यक्तियों ने अखबारों, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को खरीद कर सत्ता पर वर्चस्व जमाने का सबसे स्पष्ट तरीका अपना रखा है। इसके जरिए वे तय करते हैं कि समाज में क्या कहा, सुना, पढ़ा और सीखा जाएगा।
अर्थशास्त्र एवं राजनीति के विद्वानों ने रेखांकित किया है कि कई देशों की वर्तमान कर प्रणाली की खामियों के कारण दुनिया के सबसे अमीर लोग अपनी आय या संपत्ति के अनुपात में बेहद कम या शून्य टैक्स चुकाते हैं। उन्होंने चेताया है कि धनिक-तंत्र पर नियंत्रण नहीं लगा, तो लोकतंत्र का अस्तित्व महज कहने को रह जाएगा। दरअसल, अनेक देशों में आज ऐसा हो भी चुका है। अतः इस परिघटना को पलटने के लिए मेनिफेस्टों में अंतरराष्ट्रीय नागरिक गठबंधन बनाने का सुझाव दिया गया है, ताकि प्रगतिशील कर व्यवस्था, मीडिया की बहुलता, और सार्वजनिक नीतियों पर धनी-मानी घरानों के प्रभाव को कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय अभियान चलाया जा सके। यह समाधान कितना कारगर होगा, कहना कठिन है। लेकिन समस्या वास्तविक है, इसलिए इसका समाधान ढूंढने को प्राथमिकता देना अब अनिवार्य हो गया है।
