अभी भी ट्रंप ने क्वॉड शिखर सम्मेलन के लिए अलग से समय निकालने की जरूरत नहीं समझी है। वे आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेने फिलीपीन्स आए हैं तो कुछ घंटे क्वॉड के लिए भी निकाल लेंगे।
आखिरकार क्वाड्रैंगुलर सिक्युरिटी डॉयलॉग (क्वॉड) का शिखर सम्मेलन होने की संभावना उज्ज्वल हुई। लेकिन ऐसा इसलिए नहीं हुआ कि आखिरकार डॉनल्ड ट्रंप प्रशासन ने फिर इस मंच की अहमियत समझ ली हो। अभी भी ट्रंप ने क्वॉड शिखर सम्मेलन के लिए अलग से समय निकालने की जरूरत नहीं समझी। वे आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेने फिलीपीन्स आए हैं और उसके बाद एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में हिस्सेदारी के लिए चीन के शेनझेन जाएंगे। इस बीच मनीला में कुछ घंटे वे क्वॉड के लिए भी निकाल लेंगे। इस कार्यक्रम सूची से बतौर राष्ट्रपति दूसरे कार्यकाल में ट्रंप की प्राथमिकताओं का अंदाजा लग जाता है।
फिलपीन्स की राजधानी में क्वॉड की मंगलवार को प्रस्तावित बैठक के जिस एजेंडे की चर्चा मीडिया में है, वह भी अमेरिकी निगाह में इस मंच के महत्त्व को जाहिर करता है। बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, और जापान एवं ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्रियों के साथ क्वॉड शिखर बैठक में रेयरअर्थ सहित अन्य महत्त्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला निर्मित करने, समुद्री सुरक्षा एवं व्यापारिक जहाजों के जल-मार्ग को सुरक्षित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। लेकिन इसमें चीन से संबंधित विवाद गायब हैं, जबकि क्वॉड जब बना था, तो उसका मकसद चीन को घेरना ही माना जाता था।
दशक भर पहले वह वो दौर था, जब अमेरिका ने चीन की ताकत को नियंत्रित करने के मकसद के तहत ही इंडो-पैसिफिक की रणनीति अपनाई थी। अब वह एशिया प्रशांत की शब्दावली की तरफ लौट चुका है। बल्कि उससे भी आगे जाते हुए ट्रंप शी जिनपिंग के अमेरिका और चीन के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक स्थिरता के संबंध का फॉर्मूला स्वीकार कर चुके हैं। ऐसे में क्वॉड की उपयोगिता पर स्वाभाविक प्रश्न-चिह्न खड़े हुए हैँ। फिलहाल, जब राष्ट्रपति बनने के पौने दो साल बाद जब ट्रंप ने क्वॉड के लिए कुछ घंटे निकाले हैं, तो उनके प्रशासन ने आश्वासन देने की कोशिश की है कि क्वॉड लाइफ- सपोर्ट पर नहीं है, और इस मंच के तहत अपने सहयोगी देशों के साथ अमेरिका ने विचार-विमर्श करना जारी रखा है। लेकिन सवाल है कि उन चर्चाओं के आखिर दिशा क्या निकली है?
