Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

डंडा खाएं या गाजर?

यह मोदी सरकार को तय करना है कि वह अमेरिकी “दंड” को स्वीकार करती है, अथवा कम टैरिफ के लालच को? एक प्रतिशत कम टैरिफ का लालच आकर्षक लग सकता है, लेकिन ट्रेड डील के अपने नुकसान हैं।

मुहावरा है- कैरट एंड स्टिक। जब कोई अपनी किसी बात पर दूसरों को राजी कराने के लिए धमकी और लालच दोनों का सहारा ले, तब इसे मुहावरे के जरिए उसके नजरिए को समझाया जाता है। सामने मौजूद व्यक्ति धमकी से राजी हो, या लालच से- परिणाम समान ही होता है। अब भारत के सामने अमेरिका के डॉनल्ड ट्रंप प्रशासन ने यही विकल्प पेश किए हैं। अपनी कथित जांच में यह पाने के बाद कि 13 अन्य देशों के साथ भारत भी अपनी “अत्यधिक क्षमता” के कारण “हानिकारक व्यापार” में शामिल है, ट्रंप प्रशासन ने कहा कि इस “जुर्म” के लिए अमेरिका जाने वाले भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगेगा।

लेकिन भारत अमेरिका से ट्रेड डील कर ले, तो शुल्क घटकर 17 प्रतिशत हो जाएगा। यानी भारत सरकार अन्य देशों की तुलना में कम टैरिफ की जो मांग कर रही थी, वह पूरी हो जाएगी। भारत के प्रतिस्पर्धी देशों पर न्यूनतम 18 प्रतिशत टैरिफ का एलान कर यह लालच दिया गया है कि एक फीसदी के लाभ से भारतीय उत्पादों के लिए अमेरिका में अनुकूल स्थितियां बनेंगी। मगर ट्रेड डील के तहत अमेरिका भारत से क्या वसूली करेगा? इस संबंध में पहले हुई चर्चाओं और कई दूसरे देशों के साथ अमेरिका के हुए करार से यह अंदाजा है कि अमेरिका चाहता क्या है? अब यह नरेंद्र मोदी सरकार को तय करना है कि वह अमेरिकी “दंड” को स्वीकार करती है, अथवा एक प्रतिशत कम टैरिफ के लालच को?

एक प्रतिशत के कथानक का इस्तेमाल ट्रेड डील के पक्ष में जनमत तैयार में हो सकता है, लेकिन डील के नुकसान जग-जाहिर हैं। इसके अलावा एक और रास्ता ट्रंप सरकार को चुनौती देने का है। पेटेंट और अमेरिकी कंपनियों के लिए भारत के खुले उपभोक्ता बाजार के जरिए अमेरिका को होने वाली आय को व्यापार वार्ता का हिस्सा बनाने पर वह जोर दे सकती है। भारत को नाराज करने के भू-राजनीतिक नुकसान भी बताए जा सकते हैं। लेकिन अब तक मोदी सरकार ने ऐसा नहीं किया, तो अब करेगी, यह उम्मीद कम ही है। अतः फिलहाल चयन कैरट और स्टिक के बीच ही नजर आता है!

Exit mobile version