Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अहाना कुमरा ने माता-पिता के दिन को बनाया खास

अभिनेत्री अहाना कुमरा हाल ही में परिवार के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का लाइव मैच देखने स्टेडियम पहुंचीं, जहां उन्होंने खास अंदाज में डबल सेलिब्रेशन किया। बुधवार को अभिनेत्री ने आईपीएल मैच की झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर कीं। 

इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में अभिनेत्री परिवार संग फुर्सत के पल बिताती नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों को पोस्ट करते हुए अहाना ने बताया कि यह मौका उनके पिता के 75वें जन्मदिन और माता-पिता की शादी की सालगिरह का था। इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए वे जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंचीं।

अहाना ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा मेरे पापा के जीवन के 75 साल पूरे हो गए। इस खास मौके पर हमने उनकी पुरानी इच्छा पूरी की। उनकी तमन्ना थी कि वे एक बार स्टेडियम में बैठकर लाइव क्रिकेट मैच देखें। 75वें जन्मदिन के मौके पर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला देखना हम सभी के लिए बेहद शानदार और यादगार अनुभव रहा।

Also Read : विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड की कमान संभालेंगी लुईस

अहाना ने बताया कि लाइव मैच के दौरान बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से निकले शानदार छक्के देखना उनके पिता के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं था। उन्होंने लिखा इसी के साथ मेरे माता-पिता की सालगिरह का जश्न भी था, जिसने इस दिन को हमारी जिंदगी की सबसे खूबसूरत यादों में शामिल कर दिया।

इतने बड़े आयोजन में माता-पिता की सुविधा का ध्यान रखने और आफ्टर पार्टी के खास इंतजाम के लिए भी अभिनेत्री ने ड्रीमसेटगो की टीम का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, “मेरे पापा उस दिन छोटे बच्चे की तरह खुश नजर आए। कुछ दिन जिंदगी में हमेशा के लिए याद बन जाते हैं और सच में, जब हम अपने माता-पिता को खास महसूस कराने के लिए छोटी-सी कोशिश भी करते हैं, तो हर बच्चे का दिल खुशी से भर जाता है।

बता दें कि अभिनेत्री अहाना कुमरा एक प्रतिष्ठित परिवार से आती हैं। उनके पिता सुशील कुमरा ल्यूपिन लिमिटेड (दवा क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी) के पूर्व उपाध्यक्ष हैं, जबकि मां सुरेश कुमरा वाराणसी की पूर्व डीएसपी रह चुकी हैं। उन्हें राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version