Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमेरिका में रिलीज से दो महीने पहले ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ की एडवांस बुकिंग शुरू

नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ ने रिलीज से पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास उपलब्धि हासिल कर ली है। फिल्म की अमेरिका में एडवांस बुकिंग भारत में रिलीज से करीब दो महीने पहले शुरू हो गयी है।

बंगाली सिनेमा और विंडोज प्रोडक्शंस के लिए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इंटरनेशनल फिल्म एसोसिएशन ऑफ कनेक्टिकट (आईएफएसी) की पहल के तहत फिल्म की स्क्रीनिंग 15 नवंबर को बोस्टन और 22 नवंबर को कनेक्टिकट में की जायेगी। इस पहल के जरिए अमेरिका में रह रहे बंगाली दर्शकों तक फिल्म को पहुंचाया जायेगा।

नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने संयुक्त बयान में कहा कि उनके करियर में पहली बार किसी बंगाली फिल्म की अंतरराष्ट्रीय एडवांस बुकिंग उसकी सिनेमाघरों में रिलीज से दो महीने पहले शुरू हुई है। उन्होंने इसे अपने लिए बेहद खास उपलब्धि बताया।

Also Read : कार्तिक आर्यन ने बहन कृतिका के साथ मनाया रक्षाबंधन

‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ फिल्म के ‘बोहरूपी’ यूनिवर्स को पहले से कहीं बड़े और महत्वाकांक्षी स्तर पर आगे बढ़ाती है। फिल्म में शिबोप्रसाद मुखर्जी कुख्यात डकैत की भूमिका में नजर आयेंगे, जबकि जिशु सेनगुप्ता दबंग पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगे। दोनों के बीच होने वाला टकराव फिल्म के रोमांच को बढ़ाने वाला है।

वहीं, सोहिनी सरकार दर्शकों की पसंदीदा झिमली के किरदार में वापसी कर रही हैं। उनके किरदार के सफर में इस बार कई नये और दिलचस्प पहलू देखने को मिलेंगे।

अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू होने के साथ ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ ने रिलीज से पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। यह बंगाली सिनेमा की कहानियों को देश की सीमाओं से बाहर दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version