Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘प्रेम कीटाणु’ का पहला गाना ‘अंडी बंडी’ रिलीज

फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का पहला गाना ‘अंडी बंडी’ रिलीज हो गया है। फिल्म के निर्माताओं ने इसके लिए ज़ी म्यूजिक कंपनी के साथ साझेदारी की है। जोशीले अंदाज वाले इस गाने में वीर पहाड़िया अपने डांसिंग अंदाज से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर करते नजर आ रहे हैं।

‘अंडी बंडी’ अपनी आकर्षक धुन और मस्ती भरी लय के साथ पूरी तरह बॉलीवुड रंग में रंगा हुआ है। गाने की शुरुआती पंक्ति, “जो ना मेरी बीट पे नाचे…”, माहौल को खुशनुमा बना देती है। गाने में युवाओं की ऊर्जा के साथ दोस्ती, प्यार, क्रश और दिल टूटने जैसे भावों की झलक भी देखने को मिलती है।

‘अंडी बंडी’ फिल्म के संगीत से भरे एल्बम की पहली झलक है। फिल्म में कुल सात गाने हैं, जिन्हें सचेत टंडन, परंपरा टंडन, बी प्राक, अरमान मलिक, पापोन, जुबिन नौटियाल, मधुर शर्मा, अल्तमश फरीदी, शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य जैसे गायक अपनी आवाज देंगे। संगीत एल्बम में रैपर लिटिल भाटिया और मेज़म्यूजिक भी शामिल हैं।

फिल्म का संगीत सचेत-परंपरा, अन्नकुर पाठक, राहुल मिश्रा, द रिश और शशि सुमन ने तैयार किया है, जबकि गीत कुणाल वर्मा, सचिन उमरटोश, प्रिंस दुबे, संदीप सिंह सरदारा और मीर ने लिखे हैं।

Also Read : यमन की सेना ने पिछले 24 घंटों में हूतियों के खिलाफ 81 अभियान चलाए

अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म युवाओं के एक समूह की कहानी है, जो दोस्ती, पहला प्यार, एकतरफा प्यार और बड़े होने के दौरान होने वाले दिल टूटने जैसे अनुभवों से गुजरता है।

‘प्रेम कीटाणु’ गौरव वर्मा की अवनिका फिल्म्स की पहली फिल्म है। गौरव वर्मा इससे पहले रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ अपने कार्यकाल के दौरान ‘डार्लिंग्स’, ‘भक्षक’, ‘जवान’ और ‘बदला’ जैसी फिल्मों से बतौर निर्माता जुड़े रहे हैं।

‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और ‘एस्पिरेंट्स’ जैसी चर्चित परियोजनाओं के लिए पहचाने जाने वाले अपूर्व सिंह कार्की इस फिल्म के जरिए हल्के-फुल्के और युवा अंदाज की कहानी लेकर आ रहे हैं। वहीं, वीर पहाड़िया के लिए ‘अंडी बंडी’ उनके अभिनय के साथ-साथ डांस और हास्य से भरपूर अंदाज को सामने लाता है।

‘प्रेम कीटाणु’ 02 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version