Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चार दिनों में 100 करोड़ नेट क्लब में शामिल हुआ यश की ‘टॉक्सिक’ का हिंदी वर्जन

रॉकिंग स्टार यश की पैन-इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने हिंदी बाजार में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिलीज के महज चार दिनों में 100 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार कर लिया है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता थी। करीब चार साल के लंबे अंतराल के बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी। दक्षिण भारत में यश की मजबूत फैन फॉलोइंग के साथ ही हिंदी भाषी बाजारों में भी फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

बड़े महानगरों से लेकर उत्तर भारत के प्रमुख केंद्रों तक फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यश की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस को फिल्म की प्रमुख खूबियों में गिना जा रहा है। खास बात यह है कि बॉलीवुड में औपचारिक डेब्यू किए बिना ही यश ने हिंदी दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है और ‘टॉक्सिक’ की सफलता इसे और मजबूत करती दिख रही है।

Also Read : शेयर बाजारों में बिकवाली का जोर, सेंसेक्स 77 हजार अंक से नीचे उतरा

फिल्म के हिंदी संस्करण ने पहले दिन 55.40 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया था। इसके बाद भी फिल्म की रफ्तार कायम रही और चार दिनों में ही यह 100 करोड़ रुपये नेट क्लब में शामिल हो गई।

‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।

फिल्म का निर्माण वेंकट के. नारायण ने केवीएन प्रोडक्शंस और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया है। ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version