Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

होम्बले फिल्म्स दुनियाभर में रिलीज करेगी मराठी फिल्म ‘गोंधल’

मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2027) में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद अब वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने जा रही है। भारतीय फिल्म निर्माण कंपनी होम्बले फिल्म्स ने इस फिल्म के अंतरराष्ट्रीय सिनेमाघरों में वितरण की घोषणा की है।

संतोष दावखर लिखित एवं निर्देशित ‘गोंधल’ एक मराठी लोक-थ्रिलर फिल्म है। इसमें किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी और निषाद भोईर ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म के संगीत को दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है।

ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म रात में होने वाले पारंपरिक अनुष्ठानों के माध्यम से आस्था, मानवीय जुनून, सत्ता और धोखे के विभिन्न पहलुओं को सामने लाती है। अपनी विशिष्ट कहानी, सांस्कृतिक परिवेश और प्रभावशाली दृश्य प्रस्तुति के कारण फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली है।

Also Read : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी पूज्यनीय माता दिवंगत रूपी सोरेन को दी अंतिम विदाई

फिल्म ने 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार भी हासिल किया है। ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद इसके अंतरराष्ट्रीय वितरण को फिल्म की वैश्विक पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर फिल्म के विदेशी सिनेमाघरों में वितरण की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि वह इस दमदार कहानी को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर उत्साहित है। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज की तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है।

होम्बले फिल्म्स ने ‘केजीएफ’ फ्रेंचाइजी, ‘कांतारा’, ‘सालार’ और ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसी फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा में अपनी पहचान बनाई है। कंपनी की आगामी परियोजनाओं में ‘सालार: भाग 2-शौर्यंगा पर्व’, ‘महावतार परशुराम’, ‘सूर्या 48’ और ‘येतो का नाय’ सहित अन्य फिल्में शामिल हैं।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version