Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कार्तिक आर्यन की ‘चंदू चैंपियन’ की जर्नी पूरी हुई

बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के लिए फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से भरा सफर रहा है, जो अब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिलने के साथ मुकाम पर पहुंच गया है।फिल्म के निर्देशक कबीर खान ने कार्तिक के साथ इस खास उपलब्धि का जश्न बेहद खास अंदाज में मनाया। कबीर खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह कार्तिक के साथ रस मलाई खाते और उनकी उपलब्धि का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो के साथ कबीर खान ने ‘चंदू चैंपियन’ से जुड़ी यादें साझा करते हुए लिखा कि 18 जुलाई 2022 को कार्तिक, साजिद नाडियाडवाला और उन्होंने फिल्म की घोषणा की थी। इसके बाद के दो वर्ष उनके लिए शानदार सफर रहे। उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने के बाद उन्हें हमेशा इस पर गर्व रहेगा और घोषणा के चार वर्ष बाद कार्तिक के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने से यह सफर पूरा हो गया है।

कबीर खान ने लिखा कि यह सही मायने में ‘चंदू’ नहीं, बल्कि ‘चैंपियन’ है और इस खुशी में एक नहीं, दो रस मलाई तो बनती है।

Also Read : झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

गौरतलब है कि रस मलाई का यह पल कार्तिक की ‘चंदू चैंपियन’ की जर्नी से खास तौर पर जुड़ा हुआ है। फिल्म में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर की भूमिका निभाने के लिए कार्तिक ने एक साल से अधिक समय तक कड़ी ट्रेनिंग की और अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी डाइट को लेकर भी सख्त अनुशासन अपनाया और लंबे समय तक चीनी से पूरी तरह दूरी बनाए रखी।

फिल्म की करीब आठ महीने लंबी शूटिंग पूरी होने के बाद कबीर खान ने कार्तिक को उनकी पसंदीदा रस मलाई खिलाई थी। एक साल से अधिक समय बाद मिठाई खाने के बाद कार्तिक ने सोशल मीडिया पर इस पल को साझा करते हुए इसे शानदार जीत जैसा बताया था।

अब उसी भूमिका के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिलने के बाद रस मलाई एक बार फिर कार्तिक की ‘चंदू चैंपियन’ यात्रा का हिस्सा बन गई है। मुरलीकांत पेटकर के किरदार में ढलने के लिए अपनी पसंदीदा मिठाई छोड़ने से लेकर शूटिंग पूरी होने के बाद पहली बार रस मलाई खाने और फिर उसी भूमिका के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने तक, कार्तिक का यह सफर एक पूरा चक्र पूरा करता नजर आ रहा है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version