Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जसलीन कौर के किरदार में परी पंधेर का जादू

आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने साल 2025 में रिलीज होते ही दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी थी, तो वहीं दूसरे पार्ट ने रिलीज होते ही हर किसी को चौंका दिया। धुरंधर में जहां सारा ने डेब्यू कर हर किसी को दीवाना बना दिया था, तो ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में पंजाबी सिंगर और अभिनेत्री परी पंधेर ने अपनी सादगी से हर किसी के दिलों को जीता है।

फिल्म में परी का छोटा-सा लेकिन प्रभावशाली रोल रहा है। अभिनेत्री ने फिल्म में जसकिरत सिंह रंगी (रणवीर सिंह) की बहन जसलीन कौर रंगी की भूमिका निभाई है। इस फिल्म में परी का किरदार बहुत भावुक और असरदार रहा और उनकी एक्टिंग ने सभी पर गहरा प्रभाव डाला। उन्होंने अपने किरदार को इतनी गहराई दी, जिससे जसकीरत की शुरुआती जिंदगी अच्छे से दिखाई गई। फिल्म में पंजाब का रंग भी साफ झलकता है।

Also Read : आईसीसी रैंकिंग: न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने लगाई टी20 फॉर्मेट में छलांग

रणवीर सिंह, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए परी का यह डेब्यू काफी प्रभावशाली रहा है। वह 2026 की नई उभरती प्रतिभाओं में शुमार हो गई हैं। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर सबका शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने सेट से कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसके साथ उन्होंने लिखा जब आदित्य धर सर की टीम से ‘धुरंधर’ के लिए फोन आया, तो सबसे पहले पूछा गया कि आपके लिए कितनी गाड़ियां भेजें और कहां भेजें? उस पल सब कुछ सपना लग रहा था।

उन्होंने लिखा उस दौरान मैं अपने मेंटर और भाई बंटी बेंस के साथ बैठी थी और हम दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं था। हम इतने उत्साहित थे कि गाड़ी का इंतजार करने की बजाय अपनी कार में बैठकर सीधे शूटिंग लोकेशन के लिए निकल पड़े। उस सफर के हर पल में शुक्रिया, सपने और खुशी भरी हुई थी।

उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा कुछ सफर सिर्फ मंजिल तक पहुंचने के लिए नहीं होते। वे यह एहसास दिलाते हैं कि आप वाकई उसी के लिए बने हैं। उस दिन मुझे लगा कि कुछ बहुत खूबसूरत शुरू होने वाला है। ऐसे पलों के लिए हमेशा आभारी रहूंगा।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version