Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘किंग’ के ‘डैडी कूल’ में शाहरुख-करीना का जबरदस्त स्वैग

‘तू मिल जाए’ में शाहरुख खान के रोमांटिक अंदाज और दमदार एक्शन अवतार से दर्शकों का दिल जीतने के बाद, उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म अब अपने नए धमाकेदार गाने ‘डैडी कूल (किंग वर्जन)’ के साथ मनोरंजन का स्तर बढ़ाने के लिए तैयार है। शाहरुख खान अभिनीत इस गाने में करीना कपूर खान भी नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि इस गाने के जरिए हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक शाहरुख और करीना की जोड़ी 15 साल बाद एक बार फिर साथ आई है, जो दर्शकों के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं है।

अपनी जोशीली बीट्स, आकर्षक धुन और शानदार रेट्रो अंदाज के साथ ‘डैडी कूल (किंग वर्जन)’ दुनियाभर में लोकप्रिय गाने ‘डैडी कूल’ को एक नया बॉलीवुड टच देता है। इस जोशीले गाने में शाहरुख खान और करीना कपूर खान अपने शानदार डांस मूव्स से डांस फ्लोर पर आग लगाते नजर आ रहे हैं। शाहरुख खान अपने खास अंदाज, आकर्षण और बॉलीवुड के पारंपरिक रंगीन मिजाज के साथ गाने में जान डालते हैं, वहीं करीना कपूर खान अपने स्टाइलिश और सदाबहार अंदाज से उनकी शानदार केमिस्ट्री को फिर से जीवंत करती हैं।

Also Read : जिम्मी शेरगिल और प्रनूतन बहल की फिल्म ‘प्यादे’ का ट्रेलर रिलीज

बोनी एम. के मशहूर ग्लोबल हिट गाने ‘डैडी कूल’ की मूल भावना को बरकरार रखते हुए, जिसे फ्रैंक फारियन और जॉर्ज रेयम ने लिखा था, ‘डैडी कूल (किंग वर्जन)’ को सचिन-जिगर ने नए अंदाज में संगीतबद्ध किया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गायक अरिजीत सिंह और शिल्पा राव ने अपनी आवाज से इस गाने को और भी जोशीला और शानदार बना दिया है। वहीं, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने अपनी ऊर्जावान कोरियोग्राफी से गाने में चार चांद लगा दिए हैं। कुमार ने इसके हिंदी बोल लिखे हैं। इस तरह इंडस्ट्री के कई बेहतरीन कलाकारों ने मिलकर इस गाने को खास बनाया है।

इस गाने का अनावरण मेटा के प्रमुख कार्यक्रम ‘हाउस ऑफ इंस्टाग्राम 2026’ में किया गया, जहां देश के 700 से अधिक लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स एक साथ आए और ‘डैडी कूल (किंग वर्जन)’ के जश्न को और भी खास बना दिया।

जैसे-जैसे ‘किंग’ अपनी क्रिसमस रिलीज की ओर बढ़ रही है, फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म से सामने आ रही हर नई झलक दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रही है और ‘किंग’ साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनने की ओर अग्रसर है।

यह गाना अब ज़ी म्यूजिक कंपनी और टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनलों पर उपलब्ध है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version