बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल, करण देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रचार के सिलसिले में अहमदाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों, प्रशंसकों और मीडिया से मुलाकात की तथा गुजराती थाली का स्वाद लिया।आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म 14 अगस्त को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म का ट्रेलर 28 जुलाई को जारी किया गया था, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। प्रचार अभियान के तहत सनी देओल, करण देओल और प्रीति जिंटा ने अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट का दौरा किया। इसके बाद तीनों सिल्वर ओक यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों और प्रशंसकों से बातचीत की। बाद में उन्होंने एक रेस्तरां में मीडिया के साथ गुजराती थाली का आनंद लिया और फिल्म को लेकर चर्चा की।
Also Read : अमेरिका के पहलवान ब्रॉक लेस्नर ने पेशेवर कुश्ती से लिया संन्यास
‘बंटवारा 1947’ भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी है, जिसमें प्रेम, त्याग, साहस और मानवीय रिश्तों को केंद्र में रखा गया है। फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं। करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी इस फिल्म के माध्यम से फिर साथ आई है।
फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
Pic Credit : ANI
