बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के ट्रेलर रिलीज से पहले मां प्रकाश कौर के साथ एक भावुक तस्वीर साझा कर फिल्म को अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित किया है।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी और राजकुमार संतोषी निर्देशित ‘बंटवारा 1947’ इस वर्ष की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस ऐतिहासिक ड्रामा में सनी देओल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के पोस्टर और टीजर पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता जगा चुके हैं।
सनी देओल ने सोशल मीडिया पर मां के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत। बंटवारा 1947 मैं अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करता हूं। ट्रेलर कल रिलीज होगा।
Also Read : जयपुर में ‘बंटवारा 1947’ का प्रमोशन करेंगे सनी देओल
उन्होंने फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से बिना किसी कट के ‘ए’ प्रमाणपत्र मिलने पर भी खुशी जताई। सनी ने कहा कि इंसानियत और प्यार की कहानी कहने वाली इस फिल्म को दर्शक 14 अगस्त से सिनेमाघरों में देख सकेंगे।
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भारत के बंटवारे के दर्द, उससे जुड़े मानवीय जज्बातों, प्रेम, साहस और त्याग की कहानी को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। फिल्म में शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
करीब 30 वर्ष बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सफल जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित द्वारा निर्मित ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Pic Credit : ANI
