Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए पहली बार पटना आएंगे सनी देओल

आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रचार अभियान के तहत अभिनेता सनी देओल आगामी दो अगस्त को पहली बार बिहार की राजधानी पटना पहुंचेंगे। फिल्म की टीम जयपुर में प्रचार कार्यक्रम के बाद अब पटना में दर्शकों से रूबरू होगी। सनी देओल की फिल्मों को बिहार, विशेषकर पटना के दर्शकों का हमेशा भरपूर समर्थन मिला है। उनकी पिछली फिल्म ‘गदर 2’ को भी पटना में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफल साबित हुई थी।

Also Read : जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रीकरण (संशोधन) विधेयक लोकसभा में बिना चर्चा के पारित

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी है, जो इंसानियत, उम्मीद और करुणा के संदेश को सामने लाती है। हाल ही में जारी फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जिसके बाद फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।

फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति ज़िंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सफल जोड़ी को फिर एक साथ लेकर आ रही है।

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म के निर्माता आमिर खान और अपर्णा पुरोहित हैं। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version