Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी’, का टीज़र रिलीज

आगामी पारिवारिक फिल्म ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी’ का टीज़र रिलीज कर दिया गया है। अभिनेत्री, निर्देशक और लेखिका समीक्षा ओसवाल तथा उद्योगपति एवं गायक शेल ओसवाल इस फिल्म के निर्माता और प्रस्तुतकर्ता हैं। शेल ओसवाल ने फिल्म के लिए अपनी आवाज भी दी है।

निर्माताओं का कहना है कि यह फिल्म आधुनिक जीवन में बदलते पारिवारिक रिश्तों, उम्मीद और प्यार की खूबसूरती को संवेदनशील अंदाज में पेश करती है।

हाल ही में जारी टीज़र में परिवार, रिश्तों की जटिलताओं और ‘म्याऊज़ाकी’ नाम की एक बिल्ली की अहम भूमिका की झलक दिखाई गई है। माना जा रहा है कि इस बिल्ली का नाम प्रसिद्ध जापानी फिल्मकार हायाओ मियाज़ाकी से प्रेरित है।

Also Read : सीरिया की राजधानी के एक कैफ़े में विस्फोटक उपकरण में धमाका, नौ लोगों की मौत

फिल्म में मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, विधात्री बांदी, आदिल हुसैन, मंदिरा बेदी, नासर और नफीसा अली प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। टीज़र से संकेत मिलता है कि फिल्म बदलते रिश्तों, परिवारों के बिखरने और फिर से जुड़ने तथा जीवन में बदलाव को स्वीकार करने की भावनात्मक कहानी कहती है।

टीज़र में किसी बड़े रहस्य या नाटकीय मोड़ के बजाय रोजमर्रा की जिंदगी के छोटे-छोटे पलों, पारिवारिक समारोहों, साथ बैठकर भोजन करने, सड़क यात्राओं और भावनात्मक रिश्तों को सहजता से दिखाया गया है। फिल्म में म्याऊज़ाकी केवल एक पालतू बिल्ली नहीं, बल्कि अपनापन और इंसानियत का प्रतीक बनकर उभरती है।

मुंबई और मानसून की खूबसूरत पृष्ठभूमि में बनी इस फिल्म का लेखन और निर्देशन पद्मकुमार नरसिम्हामूर्ति ने किया है।

एसएसओ प्रोडक्शंस प्रस्तुत ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी’ के निर्माता समीक्षा ओसवाल और शेल ओसवाल हैं। यह फिल्म 24 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version