Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का ट्रेलर जारी, 23 अक्टूबर से होगा प्रसारण

जियोहॉटस्टार ने लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ के सातवें सीजन का ट्रेलर जारी कर दिया है। ग्राफिक इंडिया द्वारा निर्मित इस सीजन का प्रीमियर 23 अक्टूबर 2026 को होगा।

नए सीजन में लंका का युद्ध निर्णायक मोड़ पर पहुंचता है, जहां हनुमान रावण का अंत करने वाले एक विशेष अस्त्र की तलाश में निकलते हैं। इस दौरान उनकी यात्रा युद्धभूमि से आगे समय के विभिन्न पड़ावों तक पहुंचती है, जहां उन्हें भगवान राम के अतीत के अनजाने पहलुओं और अपनी दिव्यता की वास्तविक शक्ति से जुड़े रहस्यों का पता चलता है।

सीजन में रावण अपने सबसे शक्तिशाली रूप में नजर आएगा। एक्शन, आस्था, भावनाओं और मित्रता से भरपूर यह कहानी हनुमान की अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण लड़ाई और उनकी असीम शक्ति के नए पहलुओं को सामने लाएगी।

Also Read : जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले केजरीवाल, संजय सिंह समेत कई आप नेता हिरासत में

शरद केलकर एक बार फिर रावण के किरदार को अपनी आवाज देंगे। उन्होंने कहा कि सीरीज का सातवां सीजन हनुमान की यात्रा को नई दिशा में ले जाएगा और दर्शकों को उनकी दिव्यता तथा अपार शक्ति के ऐसे पहलुओं से परिचित कराएगा, जिन्हें उन्होंने पहले नहीं देखा होगा।

ग्राफिक इंडिया के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद देवराजन ने कहा कि जियोहॉटस्टार के साथ साझेदारी ने इस पौराणिक दुनिया का विस्तार करने का अवसर दिया है। सातवें सीजन में हनुमान की यात्रा को युद्धभूमि से आगे समय के विभिन्न पड़ावों तक ले जाते हुए कहानी का अब तक का सबसे अप्रत्याशित अध्याय प्रस्तुत किया गया है।

शरद देवराजन, जीवन जे. कांग और चारुवी अग्रवाल द्वारा निर्मित इस सीजन का निर्देशन जीवन जे. कांग और नवीन जॉन ने किया है। इसकी पटकथा शरद देवराजन, जीवन जे. कांग, सरवत चड्ढा और शिवांगी सिंह ने लिखी है।

‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का प्रीमियर 23 अक्टूबर से विशेष रूप से जियोहॉटस्टार पर होगा।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version