Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रेन सीक्वेंस पर विशाल चतुर्वेदी का खुलासा

फिल्म निर्माण में रचनात्मकता और तकनीक के बेहतर तालमेल से किस तरह बड़े बजट के दृश्यों को कम लागत में साकार किया जा सकता है, इसकी मिसाल फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने पेश की है। उन्होंने बताया कि फिल्म में ट्रेन के एक भव्य सीक्वेंस को तैयार करने में जहां करीब 1.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था, वहीं उनकी टीम ने इसे महज 11.5 लाख रुपये में तैयार कर लिया।

विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म से जुड़ा यह दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि इस सीक्वेंस में नीम करोली बाबा को ट्रेन से नीचे उतारते हुए दिखाया गया है। इसके बाद कई लोग ट्रेन से बाहर निकलते हैं और फिर दूसरा इंजन आकर ट्रेन को खींचता है। इस पूरे दृश्य को फिल्माने के लिए करीब 16 शॉट्स की जरूरत थी। सीमित बजट में इतने बड़े सीक्वेंस को तैयार करना टीम के लिए बड़ी चुनौती थी।

Also Read : पश्चिम बंगाल में 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

उन्होंने बताया कि अपने रचनात्मक विजन से समझौता करने के बजाय टीम ने इसका अनूठा समाधान निकाला। शुरुआत में सीक्वेंस के कुछ हिस्सों की शूटिंग की गई और बाकी काम पोस्ट प्रोडक्शन के लिए रखा गया। जिस रिसॉर्ट में टीम ठहरी हुई थी, वहीं प्लाईवुड की शीट्स कटवाकर बॉक्सनुमा ढांचा तैयार किया गया, जिसका इस्तेमाल ट्रेन के डिब्बों के रेफरेंस के रूप में किया गया।

विशाल ने बताया कि उस दौर में चलने वाली रोहिलखंड ट्रेन से प्रेरणा लेकर ट्रेन और उसके आसपास के वातावरण को शूटिंग लोकेशन के अनुरूप तैयार किया गया। इसके बाद वीएफएक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से ट्रेन के मॉडल और पूरे परिवेश को पर्दे पर जीवंत रूप दिया गया।

इस तरह करीब 1.5 करोड़ रुपये में तैयार होने वाले सीक्वेंस को महज 11.5 लाख रुपये में पूरा कर लिया गया। विशाल चतुर्वेदी का यह प्रयोग बताता है कि रचनात्मक सोच, सीमित संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल और आधुनिक तकनीक का समन्वय फिल्म निर्माण में किस तरह नई संभावनाएं पैदा कर सकता है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version