Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शॉर्टकट नहीं, लंबी पारी के खिलाड़ी बनना चाहते हैं विशाल मोहन

अभिनेता विशाल मोहन इन दिनों आगामी फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत में अभिनेता ने बताया कि वे तुरंत फेम या शॉर्टकट की तलाश में नहीं हैं, बल्कि उनका मकसद दर्शकों के सामने हर बार कुछ नया और अलग पेश करना है।

विशाल मोहन ने कहा मैं लंबे समय तक एक अभिनेता के तौर पर काम करना चाहता हूं। तुरंत स्टारडम मेरा लक्ष्य नहीं हैं। मैं लगातार आगे बढ़ना ज्यादा पसंद करता हूं और हर प्रोजेक्ट में कुछ फ्रेश लेकर आना चाहता हूं।

विशाल ने आगे बताया कि वे इंदौर के रहने वाले हैं और शुरू में डायरेक्टर बनना चाहते थे, हालांकि रास्ता बदलकर अब अभिनय को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

विशाल मोहन ने बताया कि एक अभिनेता को कैमरे के पीछे का अनुभव बेहद जरूरी है। इससे लाइटिंग, फ्रेमिंग, स्क्रिप्टिंग और परफॉर्मेंस की आपकी समझ बढ़ती है। यह आपके क्राफ्ट को और गहरा बनाता है।

Also Read : ‘डकैत’ की सफलता के लिए भद्रकाली मंदिर पहुंचे अदिवि शेष

उन्होंने अपने पसंदीदा किरदार के बारे में बताया मुझे ऐसे रफ, इंटेंस कैरेक्टर्स पसंद हैं, जो ग्लैमर से दूर वाले रोल्स हों, जैसे कि ‘पान सिंह तोमर’ टाइप के कैरेक्टर, जिसमें ढेर सारी गहराई और बदलाव हो। मैं ऐसे कैरेक्टर्स करना चाहता हूं, जो फिजिकली और इमोशनली दोनों ही तरह से मेरे लिए चुनौतीपूर्ण हों और मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलना पड़े और पूरी तरह किरदार में डूब जाना पड़े। अभिनेता जल्द ही रानी मुखर्जी की 1998 की प्रसिद्ध फिल्म ‘मेहंदी’ के सीक्वल में नजर आएंगे।

आईएएनएस ने अभिनेता से पूछा, आपको ‘मेहंदी’ के सीक्वल को लेकर किसी भी तरह का प्रेशर नहीं है? इस सवाल का जवाब देते हुए अभिनेता ने कहा कि वे किसी भी तरह का प्रेशर नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा डायरेक्टर हामिद अली ने मेरे पिछले काम को देखकर स्क्रिप्ट ऑफर की थी। उस भरोसे ने मुझे मोटिवेट किया, जिससे मुझे लगा कि इस जिम्मेदारी को आगे बढ़ाना चाहिए।

विशाल मोहन ने अपने आगामी प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि वे अब साउथ सिनेमा की तरफ रुख कर रहे हैं। उनके आने वाले प्रोजेक्ट में साउथ की एक फिल्म शामिल है, जिसमें वे विलेन के रोल में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि ‘यादव जी की लव स्टोरी’ रिलीज के बाद ऑडियंस मुझे ‘आशिकी इम्तिहान लेती’ और कई दूसरे प्रोजेक्ट्स में देखेगी, जिसमें एक साउथ इंडियन डेब्यू भी शामिल है जिसमें मैं नेगेटिव रोल में हूं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version