Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जब अमृता राव ने ठुकराईं सलमान-रणबीर जैसे बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में

Amrita Rao

Image Credit: Mid-day

बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता राव ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया लेकिन इस दौरान कुछ बड़े ऑफर भी ठुकराए। इनमें सलमान खान और रणबीर कपूर जैसे सुपरस्टार्स की फिल्में भी शामिल थीं। उन्होंने अपने दमदार अभिनय के दम पर बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई। 

अमृता राव का जन्म 7 जून 1981 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई मुंबई से की लेकिन मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में बढ़ती रुचि के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ दी। उन्होंने करियर की शुरुआत विज्ञापन और म्यूजिक वीडियो से की थी।

साल 2002 में अमृता ने फिल्म ‘अब के बरस’ से बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी लेकिन उनके अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके अलावा, वह ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ में भी नजर आईं। हालांकि, उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट 2003 में आई फिल्म ‘इश्क विश्क’ रही, जिसमें उनके साथ शाहिद कपूर थे। फिल्म हिट रही और अमृता रातोंरात दर्शकों की पसंदीदा अभिनेत्री बन गईं। इस फिल्म के लिए उन्हें आईफा स्टार डेब्यू ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला।

इसके बाद अमृता राव ने ‘मस्ती’, ‘मैं हूं ना’, ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी’, ‘प्यारे मोहन’ और ‘विवाह’ जैसी फिल्मों में काम किया। खास तौर पर 2006 में रिलीज हुई ‘विवाह’ ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया। फिल्म में उन्होंने पूनम का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। उनकी सादगी सीधे लोगों के दिलों को छू गई। इस फिल्म के बाद उन्हें देश-विदेश से शादी के ऑफर्स तक मिलने लगे थे।

Also Read : बर्थडे सेलिब्रेशन की झलक लेकर सोशल मीडिया पर छाईं शरवरी वाघ

अमृता राव हमेशा अपनी शर्तों पर काम करने के लिए जानी गईं। यही वजह रही कि उन्होंने कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स को भी ठुकरा दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर कपूर की फिल्म ‘बचना ऐ हसीनों’ का ऑफर पहले अमृता को मिला था, लेकिन फिल्म में किसिंग सीन होने के कारण उन्होंने इसे ठुकरा दिया। बाद में यह फिल्म दूसरी अभिनेत्री के पास चली गई और इस तरह यशराज फिल्म्स के साथ एक बड़े कॉन्ट्रैक्ट को साइन करने का मौका भी उन्होंने छोड़ दिया।

इतना ही नहीं, अमृता ने सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ में भी काम करने से इनकार कर दिया था। बताया जाता है कि उन्हें फिल्म में सलमान खान की बहन का किरदार ऑफर किया गया था लेकिन उन्होंने यह भूमिका करने से मना कर दिया। इसके अलावा ‘नील एन निक्की’ जैसी फिल्म भी उन्होंने बोल्ड सीन्स की वजह से नहीं की।

उनके करियर में काफी उतार-चढ़ाव भी आए। कई फिल्में उम्मीद के मुताबिक नहीं चलीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। ‘वेलकम टू सज्जनपुर’, ‘जॉली एलएलबी’, ‘सिंह साब द ग्रेट’, ‘सत्याग्रह’ और ‘ठाकरे’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने शानदार काम किया। टीवी की दुनिया में भी उन्होंने ‘मेरी आवाज ही पहचान है’ के जरिए कदम रखा।

अवॉर्ड्स की बात करें तो अमृता राव को आईफा अवॉर्ड, स्टारडस्ट अवॉर्ड समेत कई सम्मान मिले। ‘मैं हूं ना’ फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर के बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस कैटेगिरी में नॉमिनेशन भी मिला था।

निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने रेडियो जॉकी अनमोल सूद से शादी की है और आज वह अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन बिता रही हैं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version