Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान

नई दिल्ली। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। गुरुवार को सरकार की ओर से 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की घोषणा हुई। इसमें आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री- द नांबी इफेक्ट’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। तेलुगू फिल्म ‘पुष्पाःद राइज’ के लिए अल्लू अर्जुन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया है। यह सम्मान पाने वाले अल्लू पहले तेलुगू अभिनेता हैं। 

हिंदी फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के लिए आलिया भट्ट और ‘मिमी’ के लिए कृति सेनन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है। इस पुरस्कार समारोह में कई फिल्मों को एक से अधिक पुरस्कार मिले। फिल्म ‘आरआरआर’ को कुल सात पुरस्कार मिले। ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और ‘सरदार उधम’ को पांच-पांच पुरस्कार मिले। वहीं ‘द कश्मीर फाइल्स’ ने दो अवॉर्ड अपने नाम किए। 

दिसंबर 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पा: द राइज’ में अल्लू अर्जुन का कैरेक्टर डार्क था। फिल्म के गाने भी काफी पसंद किए गए। फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर दुनिया भर में 330 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की थी। आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट’ इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नांबी नारायणन के जीवन के संघर्ष की कहानी है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे नांबी नारायणन पर देशद्रोह का आरोप लगा और कैसे इससे वह मुक्त होकर पीएसएलवी का इंजन बनाते हैं। इस फिल्म में अभिनय से लेकर लेखन और निर्देशन तक सब कुछ आर माधवन ने किया था। 

Exit mobile version