Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बिहार : पूर्व विधायक अंबिका यादव का निधन

बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक अंबिका यादव का मंगलवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार को उनके निधन की सूचना मिलते ही कैमूर जिले समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और जनप्रतिनिधि वर्ग के लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।  

अंबिका यादव बिहार की राजनीति में रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर चुनाव लड़कर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। 

Also Read : होर्मुज में बढ़ी जहाजों की आवाजाही, ईरान के तीन तेल टैंकरों ने अमेरिकी नाकेबंदी को किया पार

वर्ष 2010 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी लोकप्रियता बरकरार रखते हुए जीत हासिल की और वर्ष 2015 तक विधायक के रूप में क्षेत्र की सेवा की। अपने राजनीतिक जीवन के दौरान अंबिका यादव ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया। क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी पहचान एक सहज और सुलभ जनप्रतिनिधि की थी। 

यही वजह रही कि राजनीति में उनका प्रभाव लंबे समय तक कायम रहा। उनके निधन की खबर फैलते ही समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। 

इलाके के लोगों ने कहा कि पूर्व विधायक अंबिका यादव ने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहे। उनके निधन को रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। उनके निधन से बिहार की राजनीति ने एक अनुभवी और जनप्रिय नेता को खो दिया है। 

Pic Credit : ANI

Exit mobile version